'जी राम जी' के तहत नहीं मिला काम तो महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, वीडियो वायरल
बागपत के सिंघावली अहीर गांव में 'जी राम जी' योजना के तहत काम न मिलने पर एक विधवा महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। महिला ने ग्राम सचिव पर अभद्र भाषा और ...और पढ़ें
-1774158728597_m.webp)
सिंघावली अहीर गांव के सचिवालय में अपने ऊपर पेट्रोल डालती महिला व नीचे गिरी बोतल उठाती महिला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, बागपत। 'जी राम जी' योजना के तहत काम न मिलने पर शुक्रवार को विधवा महिला ने ग्राम सचिव पर अभद्र भाषा और धमकी का आरोप लगाते हुए अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया।
लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घटना से जाब कार्ड धारकों में आक्रोश व्याप्त है।
सिंघावली अहीर गांव में मनरेगा के तहत काम नहीं मिलने से जाब कार्ड धारक पिछले कई महीनों से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। राजवती पिछले कई वर्षों से मनरेगा में कार्य कर रही है। उसका कहना है कि उसके सहित राजेश, कोमल, विमला, सुरेश, रमेशो, रविता और निशा को पिछले सात महीनों से काम नहीं दिया जा रहा है।
इस संबंध में 16 दिसंबर 2025 को ब्लॉक खंड अधिकारी को, 6 व 18 मार्च को डीएम और 19 मार्च को पुन: ब्लॉक खंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। विधवा महिला राजवती ने ग्राम सचिव देशपाल सिंह पर काम मांगने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जाब कार्ड कटवाने की धमकी देने का आरोप लगाया।
रोजगार नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है और परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। शिकायत की सुनवाई के लिए शुक्रवार को ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान सामुदायिक भवन पहुंचे और शिकायतकर्ताओं को बुलाया। जाब कार्ड धारकों ने ग्राम सचिव से काम देने की मांग की।
इसी दौरान किसी बात को लेकर राजवती ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे वहां मौजूद अन्य लोगों ने समय रहते रोक लिया। ग्राम सचिव देशपाल सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया।
उनका कहना है कि वह काम दिलाने के उद्देश्य से ही सामुदायिक भवन पहुंचे थे और महिला द्वारा आत्मदाह का प्रयास किन परिस्थितियों में किया गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उधर सिंघावली अहीर थाना प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है।