Delhi-Dehradun Economic Corridor पर कट नहीं मिला तो ट्रैक्टर से निकालेंगे तिरंगा यात्रा, नरेश टिकैत ने दी चेतावनी
Baghpat News: खाप चौधरियों ने दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर गांगनौली के पास कट की मांग को लेकर 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी न होन ...और पढ़ें

गांगनौली के पास कट की मांग को लेकर दोघट में राजेंद्र चौधरी के आवास पर पंचायत में मौजूद भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत व अन्य। जागरण
HighLights
गांगनौली कट की मांग पर दोघट में हुई खाप चौधरियों की पंचायत।
क्षेत्र के लोग गांगनौली अंडरपास के नीचे दे रहे हैं धरना।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर (दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे) पर गांगनौली गांव के पास कट (इंटरचेंज) की मांग को लेकर खाप चौधरियों की पंचायत में 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया गया। बालियान खाप के मुखिया और भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो स्वतंत्रता दिवस पर धरनास्थल से इकोनामिक काॅरिडोर पर ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में खाप चौधरी ट्रैक्टरों पर सबसे आगे चलेंगे और उनके पीछे क्षेत्र की आम जनता चलेगी।
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर के निर्माण के समय से गांगनौली के पास कट की मांग उठी थी। 66 दिन से क्षेत्र के लोग गांगनौली अंडरपास के नीचे धरना दे रहे हैं। रविवार को इसी को लेकर दोघट कस्बे में खाप चौधरियों की पंचायत हुई। चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि गांगनौली से ही ट्रैक्टरों को ग्रीनफील्ड हाईवे पर चढ़ाकर बिजरौल तक यात्रा निकाली जाएगी।
वापसी में यात्रा गांगनौली में खत्म होगी और दूसरी साइड से ट्रैक्टर नीचे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और तिरंगे के सम्मान के साथ निकाली जाएगी। दौरान धरनास्थल के प्रतिनिधि या खाप चौधरी केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर अपनी बात रखना चाहें तो वे इसके लिए स्वतंत्र हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को कंगाल बनाना चाहती है। पंचायत में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि गांगनौली कट न दिए जाने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठाते हुए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। सरकार क्षेत्र को विकास से वंचित नहीं रख सकती और कट क्षेत्रवासियों की मूलभूत आवश्यकता है, कोई अतिरिक्त मांग नहीं। इसे वे लेकर रहेंगे।
खबरें और भी
ओडीआर श्रेणी में गांगनौली का रोड, कट मिलने की संभावना कम
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर पर गांगनौली के पास इंटरचेंज (कट) को लेकर भाकियू और एनएचएआइ आमने-सामने हैं। इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत मुलाकात कर चुके हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि गांगनौली कट को लेकर उच्चस्तर पर मंथन चल रहा है।
एनएचएआइ परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह का कहना है कि इकोनामिक काॅरिडोर या एक्सप्रेसवे से नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर ही इंटरचेंज (कट) दिए जाने का नियम है। यदि इन दोनों की दूरी 40-50 किमी है और इंटरचेंज की बहुत आवश्यकता है, उसी स्थिति में एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक रोड) पर इंटरचेंज दे दिया जाता है।
गांगनौली में जहां पर कट की मांग की जा रही है वह ओडीआर (अन्य डिस्ट्रिक रोड) की श्रेणी में आता है। तकनीकी रूप से ऐसी जगह पर कट देने का नियम नहीं है। स्थानीय लोगों की मांग पर इंटरचेंज का प्रस्ताव पहले ही मुख्यालय को भेजा जा चुका है। उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन किया जाएगा।