कांवड़ यात्रा के दौरान बागपत में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर परेशानी से बचें, यह है रूट डायवर्जन प्लान
Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे समेत कई मार्गों पर बुधवार रात 12 बजे से भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। ...और पढ़ें

HighLights
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर भारी वाहनों की नो एंट्री।
कांवड़ यात्रा के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू।
जागरण संवाददाता, बागपत। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे व कई अन्य मार्गों पर भारी व कर्मिशयल वाहनों की बुधवार रात 12 बजे से नो एंट्री रहेगी। सिर्फ स्थानीय निवासियों के वाहनों के लिए हाईवे वन-वे रहेगा। डिवाइडर के एक तरह कांवड़िये व दूसरी तरफ वाहन चलेंगे। रूट डायवर्जन प्लान लागू होगा। कारिडोर पर पीआरवी लगातार भ्रमण करेंगी।
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर वाहन दौड़ेंगे, लेकिन इन पर कांवड़िये नहीं चलेंगे। उन्हें रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहेगा। अन्य मार्गों पर दूसरे राज्यों व पड़ोसी जनपदों से आने वाले भारी व कमर्शियल वाहन 13 अगस्त की दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे। हल्के वाहन छह अगस्त से प्रतिबंधित हो सकते हैं। आपातकालीन सेवाओं, आवश्यक वस्तुओं व कांवड़ के वाहनों को छोड़कर।
जानिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे
दिल्ली, गाजियाबाद नोएडा की ओर जाने वाला यातायात शामली से करनाल, पानीपत, सोनीपत एनएच-1 या दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचेगा। इसी तरह दिल्ली, गजियाबाद, बुलंदशहर व नोएडा से बागपत की ओर आने वाला यातायात मवीकलां ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे कट से जनपद में आगमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर या ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से एनएच-1 सोनीपत, पानीपत, करनाल होते हुए अपने गंतव्य पर भेजा जाएगा।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग
दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा व हरियाणा को जाने वाले वाहन निर्धारित अवधि में शामली के करनाल, पानीपत सोनीपत, एनएच-1 होते हुए अपने गंतव्य पर भेजे जाएंगे। इसी तरह सोनीपत से निवाड़ा होते हुए मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर को जाने वाला यातायात बहालगढ़ से पानीपत करनाल, यमुनानगर एवं मेरठ हापुड़ को जाने वाला यातायात बहालगढ़ से राई, ईस्टर्न पेरीफेरल होते हुए अपने गंतव्य पर भेजे जाएंगे। निवाड़ा से जनपद बागपत में आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
खबरें और भी
मेरठ-बागपत हाईवे
बागपत से मेरठ की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित अवधि में बागपत के राष्ट्र वंदना चौक से मवीकलां कट ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य पर पहुंचेंगे। इसी तरह मेरठ से हरियाणा की ओर जाने वाला यातायात ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से कुंडली होते हुए अपने गंतव्य पर जाएंगे। बालैनी के हिंडन पुल चौकी से बागपत में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
मेरठ से रोहटा-खिवाई-कल्यणपुर पुरा महादेव मार्ग
इस मार्ग पर आने वाले कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के वाहनों को कल्याणपुर स्थित पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। हिंडन नदी पुल से पुरा महादेव मंदिर की ओर आने की किसी भी वाहन को अनुमति नहीं मिलेगी।
बड़ौत-मेरठ हाईवे
मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों को मुख्य सड़क पर बरनावा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम एवं मेरठ से बड़ौत की ओर आने वाले वाहनों को खिवाई तिराहा बरनावा पर रोका जाएगा। बीच का मार्ग यात्रियों को पैदल पार करना होगा।
बम निरोधक दस्ते ने की चेकिंग
पुरा के प्राचीन परशुरामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दूसरे दिन मंगलवार को भी बम निरोधक दस्ते ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। वहां पर कोई प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।