कौन हैं वायरल गर्ल मोनालिसा के पति फरमान? बेटे की शादी से नाखुश पिता बोले- 'उसे घर में नहीं घुसने देंगे'
Bagphat News : मोनालिसा ने बागपत के फरमान से शादी कर ली है, जिससे फरमान का परिवार नाराज है। फरमान के पिता ने इस विवाह के कारण उसे घर में न घुसने देने ...और पढ़ें

मोनालिसा व फरमान। सौ. इंस्टाग्राम। इंसेट में बागपत के पलड़ी गांव में फरमान के पिता जाफर। जागरण
HighLights
मोनालिसा ने बागपत के फरमान से अंतरधार्मिक विवाह किया।
फरमान के परिवार ने शादी पर नाराजगी जताई, घर के दरवाजे बंद।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। कुंभ मेले से चर्चाओं में आईं मोनालिसा को वायरल गर्ल भी कहा जाने लगा था। उन्होंने जिले के पलड़ी गांव के रहने वाले मुस्लिम युवक फरमान के साथ शादी रचा ली है। इसके बाद दोनों की शादी सुर्खियों में आ गई है।
फरमान के स्वजन इस शादी से खुश नहीं हैं। पिता का कहना है कि दूसरे धर्म में बेटे की शादी होने से पीढ़ी-दर-पीढ़ी शादी करने में परेशानी आएंगी। पिता का कहना है कि वह बेटे फरमान को घर में नहीं घुसने देंगे।

पलड़ी गांव में फरमान का घर। जागरण
बचपन से ही फिल्मों में रुझान रखने वाले फरमान ने पलड़ी गांव के जनता इंटर कालेज से 12वीं कक्षा और जनता वैदिक डिग्री कालेज, बड़ौत से स्नातक की पढ़ाई की है। इसके बाद वह दिल्ली चला गया था और एक्टिंग करने लगा। दिल्ली से वह केरल चला गया। लगभग एक साल से वह केरल में मोनालिसा के साथ मणिपुर फाइल्स फिल्म में काम कर रहा था तो दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया। दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली। मोनालिसा और फरमान की शादी चर्चाओं में आ गई।

जनता इंटर कालेज पलड़ी, जहां फरमान ने इंटर तक शिक्षा प्राप्त की। जागरण
टीवी पर बेटे की शादी का समाचार देखने के बाद फरमान के पिता, भाई और दूसरे लोग मोनालिसा से साथ शादी करने से नाखुश हैं। फरमान के पिता जाफर ने बताया कि परिवार में उनकी पत्नी निशा खातून, बेटा फिरोज, कुर्बान, फरमान, रिजवान व चार बेटियां हैं। फिरोज व कुर्बान की शादी हो चुकी है और अब फरमान ने मोनालिसा से शादी कर ली। सबसे छोटा रिजवान कक्षा 11 में पढ़ाई कर रहा है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- Monalisa Marriage : 'कमाई छोड़ते ही सूटकेस या फ्रिज में पैक मिलेगी मोनालिसा,' बोलीं- साध्वी प्राची
जाफर ने बताया कि फरमान को एक्टिंग करने का शौक था जिसके कारण वह बचपन से ही स्कूल में नाटक आदि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। यही शौक उसे मुंबई तक ले गया।
यहां से पहले दिल्ली एक्टिंग सीखने गया और वहां से मुंबई चला गया। उसके बाद चेन्नई चला गया। मुंबई में अपना स्टूडियो चला रहा है जहां उसे फिल्म बनाने का शौक लगा। एक साल पहले उसकी मुलाकात मोनालिसा से हुई और दोनों ने शादी कर ली। फरमान के स्वजन गैर धर्म में और परिवार की रजामंदी के बिना शादी किए जाने से बेहद नाराज हैं। फरमान के पिता ने यहां तक कह दिया कि फरमान को वे घर में नहीं घुसने देंगे।
छह महीने पहले घर पर आया था फरमान
फरमान के पिता जाफर का कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ गांव में ही रहते हैं और उनके पास 16 बीघा कृषि भूमि है। वह दिल के मरीज हैं। बेटा फरमान साल में एक-दो बार घर पर आता है। छह महीने पहले वह घर पर आया था और चार-पांच दिन रहने के बाद चला गया था। 15 दिन पहले फोन पर फरमान से उनकी बात हुई थी, जिसमें बस कुशलक्षेम ही पूछा था।
शादी के बारे में उसने कुछ नहीं बताया था। हालांकि उन्हें इस बात का पता था कि बेटा फरमान मोनालिसा के साथ फिल्म में काम कर रहा है और उससे उसकी दोस्ती भी हो गई है। यह अंदाजा नहीं था कि वह दूसरे धर्म की मोनालिसा से शादी ही कर लेगा। रात नौ बजे उनके बेटे ने बताया कि फरमान ने मोनालिसा से शादी कर ली है और उसका वीडियाे भी दिखाया तो उन्हें गुस्सा आ गया। रात भर उन्हें नींद नहीं आई। उन्होंने बताया कि दूसरे धर्म में शादी करने से पीढ़ी-दर-पीढ़ी परेशानी में आएंगी।
'समाज के नजरिए से ठीक नहीं'
एडवोकेट समद ने कहा कि बुध्रवार रात फरमान के मोनालिसा से शादी करने का स्वजन को पता चला। कानून के हिसाब से शादी ठीक है, लेकिन परिवार समाज के नजरिए से इसे ठीक नहीं मान रहा है। स्वजन इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।