बहराइच में लाल निशान से ऊपर बह रही घाघरा, बाढ़ की चपेट में आए 15 गांव
बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर लाल निशान से ऊपर है, हालांकि इसमें कमी आ रही है, जिससे 15 गांव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
घाघरा नदी लाल निशान से 37 सेंटीमीटर ऊपर बह रही।
बहराइच के 15 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में।
प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी, जलस्तर में कमी।
जागरण टीम, बहराइच। बैराजों से पानी के डिस्चार्ज में कमी के बाद घाघरा नदी का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन एल्गिन ब्रिज पर नदी लाल निशान से 37 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। 15 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। राजस्व अधिकारी प्रभावित गांवों का भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। घाघरा घाट स्थित एल्गिन ब्रिज पर बुधवार की शाम चार बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.07 के सापेक्ष 106.44 मीटर रिकार्ड किया गया।
बीते 24 घंटे में जलस्तर में 12 सेंटीमीटर की कमी आई है। गिरजा बैराज पर तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शारदा, गिरजा व सरयू बैराजों से 3,33,866 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। बिछिया इलाके के सम्पतपुरवा, खैरीपुरवा, धरमपुर रेतिया, रामपुर रेतिया, टिलवा, मुजवा श्रीरामपुरवा, त्रिलोकी गौड़ी गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। शिवपुर में एसडीएम प्रकाश सिंह ने बाढ़ प्रभावित शिवपुर बौंडी का भ्रमण कर जलस्तर की जानकारी ली। बताया कि आबादी के बीच बाढ़ का पानी नहीं भरा है।
महसी/बौंडी में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बुधवार को राजस्व अधिकारियों बाढ़ प्रभावित जोगापुरवा, कायमपुर, पिपरा, गोलागंज गांव का भ्रमण कर बाढ़ की हकीकत देखी। ग्रामीणों से बातचीत की। तहसील प्रशासन की ओर से बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों को परखा। डीएम ने बताया कि इन गांवों में अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है। खेतों में पानी जरूर है। धान व गन्ने को इससे कोई नुकसान नहीं है।
गौरिया पिपरा स्कूल में पानी भरने से तटबंध के निकट ग्राम सचिवालय में शिफ्ट करा दिया गया है। जिले के तीन और विद्यालय शिफ्ट किए गए हैं। 326 विद्यालयों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है हालांकि यहां अभी कोई समस्या नहीं है। जिलाधिकारी ने बताया कि मिहींपुरवा तहसील के दो गांव के 11 मजरों की 6200 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई थी। चार हजार राहत सामग्री किट वितरित की गई है।राहत सामग्री का वितरण जारी है। जलस्तर लगातार कम हो रहा है।
