बहराइच की 1043 ग्राम पंचायतों में बढ़ेगी स्वच्छता की रफ्तार, शासन से 9.59 करोड़ की मिली सौगात
बहराइच जिले की 1043 ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 9.59 करोड़ रुपये की क्रेडिट लिमिट मंजूर की गई है। ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
जागरण संवाददाता, बहराइच। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले की 1043 ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) से जुड़े स्वच्छता कार्यों को गति देने के लिए शासन ने 9 करोड़ 59 लाख 52 हजार रुपये की क्रेडिट लिमिट मंजूर की है।
इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्वच्छता संबंधी निर्माण कार्य कराए जाएंगे। कार्य पूरा होने के बाद ब्लाक स्तरीय टीम द्वारा सत्यापन किया जाएगा और एसएनए स्पर्श 2.0 पोर्टल पर बिल अपलोड होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों के खाते में भुगतान जारी किया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले से कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी। इसके सापेक्ष पहले चरण में 9.59 करोड़ रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत की गई है। इस धनराशि से रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी), सिल्ट कैचर, फिल्टर चैंबर, सोख्ता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, नाडेप, खाद गड्ढा, लीच पिट, हैंडपंप सोकपिट तथा ई-रिक्शा समेत अन्य स्वच्छता संबंधी कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों का उद्देश्य गांवों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण कर स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों का सत्यापन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर की तीन सदस्यीय टीम करेगी।
खबरें और भी
गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाएगी। सत्यापन के बाद ग्राम पंचायतें एसएनए स्पर्श 2.0 पोर्टल पर बिल अपलोड करेंगी, जिसके आधार पर शासन से भुगतान जारी होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पहले कार्य कराया जायेगा। इसके बाद बिल बाउचर पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। बजट आने के बाद भुगतान किया जायेगा।