बहराइच : तेंदुए ने घर में घुसकर बकरी को बनाया शिकार, बाल-बाल बचे चारपाई पर सो रहे परिजन; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
बहराइच के कतर्नियाघाट रेंज के सीताराम पुरवा गांव में देर रात एक तेंदुआ घर में घुस गया और उसने एक बकरी को मार डाला। परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे, जिसके ...और पढ़ें

HighLights
तेंदुए ने घर में घुसकर बकरी को मार डाला, दहशत फैली।
चारपाई पर सो रहे परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा।
संवाद सूत्र, बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट स्थित सीताराम पुरवा गांव में सोमवार देर रात तेंदुए के घर में घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए ने घर में बंधी बकरी पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के समय परिवार के सदस्य पास ही चारपाई पर सो रहे थे और बाल-बाल बच गए।
ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 12 बजे जंगल से निकलकर आया तेंदुआ मालती के घर में घुस गया। उसने घर में बंधी बकरी को अपना शिकार बना लिया। परिजनों ने शोर मचाकर बकरी को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तेंदुआ उसे मार चुका था।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और वन रक्षक कौशल किशोर सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की।
ग्रामीणों ने मृत बकरी का मुआवजा दिलाने, गांव के आसपास नियमित गश्त कराने और तेंदुए की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों को शाम और रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा बच्चों और पालतू पशुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।