Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बहराइच-लखीमपुर को मिलेगी सीधी रेल सेवा, नए वैकल्पिक रेल लाइन सर्वे को मंत्री ने दी मंजूरी

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 04:53 PM (IST)

    रेल मंत्री ने बहराइच और लखीमपुर के लिए वैकल्पिक नई रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी दी है। यह नई लाइन मैलानी से भीरा और भीरा से रायबोझा के बीच बनेगी, जिस प ...और पढ़ें

    बहराइच रेलवे स्टेशन। जागरण

    बहराइच रेलवे स्टेशन। जागरण

    HighLights

    1. रेल मंत्री ने नई रेल लाइन सर्वे को दी मंजूरी।

    2. मैलानी से भीरा व भीरा से रायबोझा के मध्य होगा सर्वे।

    3. छह पुल और एक आर्च ब्रिज का होगा निर्माण।

    जागरण संवाददाता, बहराइच। रेल मंत्री ने नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर नई रेल लाइन के सर्वे कार्य को मंजूरी दे दी है। इस प्रखंड से अलग नई रेल लाइन पर छह पुल व एक आर्च ब्रिज का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे बहराइच व लखीमपुर के लोगों को आने वाले समय में सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

    नानपारा-मैलानी मीटर गेज रेल प्रखंड को ब्राडगेज में परिवर्तित करने के लिए दोनों जिलों के लोग कई बार आंदोलन कर चुके हैं। रेल लाइन दुधवा नेशनल पार्क व कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के जंगल में होने के चलते विभाग की ओर से ब्राडगेज लाइन में परिवर्तित नहीं किया जा रहा है।

    वन विभाग जंगल के बीच से गुजरे रेल लाइन से कटकर दुर्लभ वन्यजीवों के मौत की आशंका जता एनओसी नहीं दे रहा है। इसके चलते यह रेलवे प्रखंड ब्राडगेज में परिवर्तित नहीं हो सका।

    अंग्रेजों के समय की रेल लाइन आज भी उसी तरह है, जिस तरह लगभग आठ दशक पूर्व थी। इससे इस प्रखंड से यात्रा करने वाले लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

    आम लोगों की समस्या को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को नए रेल लाइन सर्वे की घोषणा की। इसकी जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ की ओर से दी गई है, जिसमें रेल मंत्री ने लखीमपुर के मैलानी से भीरा के मध्य 16 किलोमीटर व भीरा से बहराइच के रायबोझा के मध्य 120 किलाेमीटर नई रेल लाइन सर्वे को हरी झंडी दी है।

    रेल मंत्री के अनुसार, नए रेल प्रखंड पर छह नए पुल व एक आर्च ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इससे दोनों जिलों के लोगाें को रेल सेवाएं मिल सकेंगी। मालूम हो कि अभी तक मीटर गेज रेल लाइन पर पैसेंजर ट्रेन व विस्टाडोम कोच का संचालन ही किया जा रहा है।

    खबरें और भी

    क्या होता है आर्च ब्रिज

    आर्च ब्रिज वह पुल होता है, जिसके दोनों सिरों पर मजबूत आधार होते हैं। गोलाई के आकार में बनने वाले पुल के दोनों सिरों पर मजबूत आधार होते हैं। इसका मुख्य वजन उठाने वाला हिस्सा घुमावदार मेहराब के आकार का होता है। यह पुल वजन को सीधे नीचे की ओर धकेलने के बजाए मेहराब के घुमावदार रास्ते से दोनों सिरों के आधार पर ट्रांसफर करता है।

    संरक्षित हुआ रेल लाइन

    रेलवे की ओर से मैलानी नानपारा रेल प्रखंड को मिटाने के बजाए उसे हेरिटेज में घोषित कर दिया है। इससे वन्यजीवों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ इतिहास और विरासत को बचाने के लिए संरक्षित किया गया है।