यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bahraich News: यूपी के बहराइच में भेड़िए के हमले में महिला की मौत, एक घायल; दहशत में हैं लोग
यूपी के बहराइच में हिंसक भेड़िए का आतंक जारी है। भेड़िए ने आंगन में लेटी एक महिला पर हमला कर दिया। घायल महिला को परिजन सीएचसी ले गए जहां उसकी मौत हो ग ...और पढ़ें

HighLights
- आंगन में लेटी महिला पर भेड़िए ने किया हमला
- गर्दन दबोचकर उतारा मौत के घाट
- भेड़िए के हमले से लोगों में दहशत
संवाद सूत्र, महसी (बहराइच)। हरदी थाना के कुम्हारनपुरवा गांव में रविवार की रात हिंसक भेड़िए ने आंगन में लेटी एक महिला पर हमला कर दिया। घायल महिला को परिजन सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खैरीघाट थाना के लोनियन पुरवा में भेड़िए के हमले में एक महिला घायल हो गई। घटना से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
हरदी थाना के कुम्हारन पुरवा में 45 वर्षीय वृद्धा रीता देवी आंगन में टीन शेड के नीचे थी। देर रात दबे पांव खूनी भेड़िया वहां पहुंचा और वृद्धा की गर्दन दबोच ली। लोगों के शोर मचाने पर भेड़िया वृद्धा को आंगन में छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर डीएफओ अजीत प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी हेमंत कुमार यादव व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। परिजन के साथ पूरी रात तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। परिजन वृद्धा को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर खैरीघाट थाना के लोनियन पुरवा में भेड़िए के हमले में 22 वर्षीय काजल घायल हो गई। लगातार हो रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं।
खूनी भेड़िए का आठवां शिकार बनी महिला
रविवार की रात कुम्हारनपुरवा में रविवार की रात 45 वर्षीय रीता देवी को भेड़िए ने अपना शिकार बनाया। इसके पहले 22 अगस्त को भटौली की पांच वर्षीय खुशबू, 18 अगस्त को सिंगिया नसीरपुर निवासी चार वर्षीय मासूम संध्या, तीन अगस्त को कोलैला के आठ वर्षीय किशन, 27 जुलाई को नकवा की दो वर्षीय मासूम प्रतिभा, 17 जुलाई को मक्कापुरवा के एक वर्षीय अख्तर रजा, 23 मार्च को नयापुरवा के डेढ़ वर्षीय छोटू, 10 मार्च को मिश्रनपुरवा की। तीन वर्षीय सायरा को भेड़िया उठा ले गया। छह मासूमों के शव खेत से बरामद हुए। सायरा का अभी तक पता नहीं चल सका। भेड़िए के हमले में 35 से अधिक लोग घायल भी हो चुके हैं।
खबरें और भी
मौके पर पहुंच विधायक ने ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना पाकर विधायक सुरेश्वर सिंह डीएफओ संग देर रात प्रभावित गांव पहुंचे। पीड़ित परिजन से घटना की पूरी जानकारी ली। बारीकी से घटना की जांच करने के साथ भेड़ियों को पकड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही मौतों का मामला गंभीर है। घटना की हर पहलू से जांच के निर्देश दिए।