बलिया में मायके में रह रही पत्नी पर पति ने चलाई गोली, पिता-पुत्री ने पिस्टल समेत दबोचा
बलिया में संपत्ति विवाद के चलते पति ने मायके में रह रही पत्नी पर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गई। पत्नी और उसके पिता ने साहस दिखाते हुए आरोपी पति को ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पति ने मायके में पत्नी पर गोली चलाई, संपत्ति विवाद था।
पत्नी और पिता ने साहस दिखाते हुए आरोपी पति को दबोचा।
अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ पति पुलिस हिरासत में।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के छोटकी सेरिया गांव में गुरुवार शाम पत्नी की हत्या की नीयत से ससुराल पहुंचे पति ने कथित तौर पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली निशाने से चूक जाने से पत्नी बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद पीड़िता और उसके पिता ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित को मौके पर ही दबोच लिया और उसके हाथ से पिस्टल व प्रयुक्त कारतूस छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, फेफना क्षेत्र के अगरसंडा गांव निवासी धर्मात्मानंद सिंह का अपनी पत्नी रूबी सिंह से लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़िता रूबी देवी के पति धर्मात्मानंद सिंह ने एक वर्ष पूर्व अपनी पैतृक संपत्ति का कुछ हिस्सा बेच दिया था, जिसके बाद उसी पैसे आदि को लेकर उपजे घरेलू विवाद, मारपीट के बाद रूबी देवी ने बच्चों के साथ मायके आ गई।
वहीं पति द्वारा बेची गई जमीन पर आपत्ति दर्ज कराकर क्रेता का नाम दाखिल खारिज होने से रोक दिया। इस कारण उनके पति से क्रेता द्वारा पैसे वापस मांगे जा रहे थे।
साथ ही इस आपत्ति की वजह से धर्मात्मानंद सिंह को अपनी दूसरी जमीन आदि को बेचने में भी परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर वह पत्नी पर आपत्ति हटाने का दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे।
पीड़िता के मुताबिक गुरुवार शाम आरोपित ससुराल पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध होने पर उसने कथित रूप से पत्नी पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चूक जाने से बड़ा हादसा टल गया। इसी बीच रूबी सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंचे उनके पिता शिवजी सिंह ने पुत्री के साथ मिलकर आरोपित को काबू कर लिया और उसके हाथ से पिस्टल तथा प्रयुक्त कारतूस छीन लिए। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर अवैध पिस्टल व कारतूस सहित बांसडीह कोतवाली ले आई।
खबरें और भी
झारखंड से आरोपित लाया था पिस्टल
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद अवैध पिस्टल व कारतूस के बारे में पूछताछ में पता चला कि वह उसे झारखंड से लाया था। मामले में साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।