बलिया में घर में घुसे चोरों ने उड़ाए जेवरात, तीन पड़ोसियों पर मुकदमा दर्ज
बलिया में अमित यादव के घर से चोरों ने कीमती जेवरात चुरा लिए। 25 फरवरी की रात हुई इस घटना में संदूक तोड़कर चोरी को अंजाम दिया गया। ...और पढ़ें

घर में घुसे चोरों ने उड़ाए जेवरात।
HighLights
तिवारी बरहटा में घर से कीमती जेवरात चोरी हुए।
पीड़ित ने तीन पड़ोसियों पर रंजिश का आरोप लगाया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। बांसडीहरोड क्षेत्र के तिवारी बरहटा गांव में पीछे के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण पार कर दिए। पीड़ित ने गांव के ही तीन युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
तिवारी बरहटा निवासी अमित यादव के घर में बीते 25 फरवरी की रात चोर पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। चोरों ने अमित की माता के कमरे में रखे बड़े संदूक को तोड़ दिया और उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात समेट लिए।
घटना का पता घरवालों को सुबह सोकर उठने पर चला, जब कमरे का सामान बिखरा और संदूक टूटा मिला। पीड़ित अमित यादव ने पुलिस को दी तहरीर में अपने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमित का कहना है कि कुछ दिन पूर्व पड़ोसियों का उसके भाई कृष्णा के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि रंजिश के चलते ही इन लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस संबंध में थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पूर्व में विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।