विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोजगार मेले में 790 अभ्यर्थियों को मिला नौकरी का ऑफर लेटर, बलिया में 1400 युवाओं ने लिया हिस्सा

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:11 PM (IST)

बलिया के चितबड़ागांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

वृहद रोजगार मेले में 790 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर।

वृहद रोजगार मेले में 790 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर।

HighLights

  1. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पूर्व संध्या पर रोजगार मेला।

  2. बलिया में 1400 युवाओं ने लिया हिस्सा, 790 को नौकरी।

  3. कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने युवाओं को संबोधित किया।

जागरण संवाददाता, चितबड़ागांव (बलिया)। क्षेत्र के महरेंव गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक, अनुसंधान एवं आरोग्य केंद्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान विचार गोष्ठी भी हुई। शुभारंभ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज के परिवेश में भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करने की जरूरत है। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 32 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

मेले में लगभग 1400 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए अपना पंजीकरण एवं साक्षात्कार कराया। चयन प्रक्रिया के उपरांत निजी कंपनियों द्वारा 790 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि सुषमा शेखर ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की मूल भावना है। युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और महान विचारक दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी अपनाने पर बल दिया। स्वदेशी को अपनाकर ही देश आत्मनिर्भर और विकसित बन सकता है। अध्यक्षता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने की। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया।

चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों युवा और अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन स्वदेशी जागरण के प्रांतीय सह संयोजक अजय उपाध्याय ने किया।

यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार बॉर्डर पर 12 एकड़ में बन रहा बस टर्मिनल, प्रोजेक्ट के लिए 49 करोड़ जारी; 3 राज्यों का सफर होगा आसान