बलिया में नलकूप बिजली कनेक्शन की नई व्यवस्था लागू, अब 30 दिन में पूरी होगी प्रक्रिया
बलिया में निजी कृषि नलकूप बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध हो गई है। यूपीपीसीएल के नए सिस्टम से किसान 30 दिनों के भीतर कनेक्शन ...और पढ़ें

नलकूप बिजली कनेक्शन की नई व्यवस्था लागू।
HighLights
नलकूप कनेक्शन प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध।
आवेदन के 15 दिन में निरीक्षण, 30 दिन में कनेक्शन।
एसएमएस अपडेट, 1912 हेल्पलाइन, मुफ्त बिजली जारी।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। निजी कृषि नलकूप का बिजली कनेक्शन लेने वाले किसानों को अब बिजली विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने निजी कृषि नलकूप कनेक्शन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध बना दिया है।
नई व्यवस्था के तहत आवेदन से लेकर मीटर लगाने और बिजली आपूर्ति शुरू होने तक की पूरी प्रक्रिया सिंगल विंडो ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से होगी। इससे कनेक्शन जारी करने में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को तय समय में सुविधा मिल सकेगी।नई व्यवस्था के अनुसार किसान यूपीपीसीएल के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन करेंगे।
आवेदन के साथ आधार कार्ड, भूमि संबंधी अभिलेख, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क जमा करना होगा। किसान स्वयं साइट निरीक्षण (फीजिबिलिटी) की तिथि का चयन भी कर सकेंगे।
यूपीपीसीएल के निर्देश के अनुसार आवेदन मिलने के बाद 15 कार्य दिवस के भीतर साइड निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद अनुमानित लागत जारी होगी। उपभोक्ता द्वारा ऑनलाइन भुगतान करने के बाद 30 दिन के भीतर बिजली कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
खबरें और भी
आवेदन की प्रत्येक प्रगति की जानकारी आवेदक को एसएमएस के माध्यम से मिलेगी और वह किसी भी समय अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा। किसी भी समस्या के समाधान के लिए 1912 हेल्पलाइन चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी।
प्रदेश सरकार की निजी कृषि नलकूप मुफ्त बिजली योजना का लाभ भी पात्र किसानों को मिलता रहेगा। योजना के तहत प्रति किलोवाट प्रति माह 140 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए मीटर लगवाना और विभाग की निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।
उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण खंड सिकंदरपुर अजय कुमार सरोज ने बताया कि नई व्यवस्था से नलकूप कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध हो जाएगी। किसान घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक चरण की जानकारी एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।
उन्होंने किसानों से केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने तथा सभी दस्तावेज सही और स्पष्ट अपलोड करने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में किसान 1912 हेल्पलाइन या संबंधित विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।