Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आरा फोरलेन परियोजना: बलिया से बिहार तक सुगम यात्रा, 1564 करोड़ होंगे खर्च, गडकरी करेंगे शिलान्यास

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 03:01 PM (GMT+05:30)

    बलिया के कर्णछपरा से बिहार के आरा तक बनने वाली 30 किमी लंबी फोरलेन सड़क परियोजना की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिस पर 1564 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    जागरण संवाददाता, बलिया। बैरिया के कर्णछपरा से बिहार के आरा तक बनने वाली फोरलेन सड़क परियोजना की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया और बिहार के भोजपुर जिले के कुल 34 गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

    सर्वे पूरा होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) किसानों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने दी है। वह अपने आवास पर बुधवार को पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

    परियोजना पर करीब 1564 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें लगभग 900 करोड़ रुपये किसानों को जमीन के मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे। इस मार्ग में गंगा नदी पर महुली के पास एक बड़ा पुल और करीब 100 पुलियों के निर्माण की योजना है। एनएचएआई ने चार वर्ष में निर्माण कार्य पूरा कर यातायात शुरू करने का लक्ष्य रखा है।

    बलिया जिले के रामपुर कोड़रहा, धतूरी टोला, लक्ष्मण छपरा, शोभा छपरा, कर्ण छपरा, सुकरौली, दोकटी, बाजिदपुर, दलन छपरा सहित कई गांवों की जमीन अधिग्रहित होगी।

    वहीं, बिहार के भोजपुर जिले के नूरपुर नौबरार, बड़हरा, महुली, मथुरापुर, भेल डुमरा, पियरौटा, सरैया सहित अन्य गांव भी इसकी जद में आएंगे। सड़क और पुल बनने से बलिया से आरा की दूरी करीब 66 किलोमीटर रह जाएगी, जबकि बैरिया से आरा की दूरी लगभग 30 किलोमीटर होगी।

    खबरें और भी

    इससे बिहार, झारखंड, ओडिशा और कोलकाता तक आवागमन आसान होगा। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और जमीन के मूल्य बढ़ने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

    शिकायत के बाद जर्जर सड़क का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

    बेल्थरारोड (बलिया): चौकियां मोड़ से पिपरौली बड़ा गांव जाने वाले संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन बदहाल सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

    ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। पिपरौली बड़ा गांव निवासी समाजसेवी हरिकेश मौर्य ने 16 जुलाई को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।

    शिकायत पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शिकायतकर्ता की मौजूदगी में सड़क का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया। अब क्षेत्रीय लोगों की नजर विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।