बलिया में दूसरी शादी करने के लिए बरात लेकर जा रहे दूल्हे की पहली पत्नी ने रास्ते में की पिटाई, सड़क पर मचा हंगामा
सिकंदरपुर, बलिया में दूसरी शादी के लिए जा रहे दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने रास्ते में रोककर पिटाई कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेक ...और पढ़ें

बलिया में दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे को पहली पत्नी ने रोका, रास्ते में हुई पिटाई।
HighLights
दूल्हे को पहली पत्नी ने रास्ते में रोका।
दूसरी शादी के लिए जा रहा था दूल्हा।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
जागरण संवाददाता, सिकंदरपुर (बलिया)। कस्बे के जलपा-कलपा चौक पर रविवार को उस समय हंगामा मच गया, जब दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने बीच रास्ते रोक लिया। पत्नी ने दूल्हे पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी।
इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी, नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा मचा रहा और लोगों की भीड़ मौके पर लग गई।
वाराणसी के छितूपुर महमूरगंज गांव निवासी मजहरुल हक रविवार को दूसरी शादी के लिए बरात लेकर सिकंदरपुर कस्बा स्थित मैनापुर जा रहा था। इसी बीच उसकी पहली पत्नी अतुफा खातून को बरात जाने की जानकारी हो गई। वह अपने स्वजन के साथ जलपा-कलपा चौक पहुंच गई और दूल्हे को रास्ते में रोक लिया।
चौक पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा हुआ। इसी दौरान पहली पत्नी ने दूल्हे पर आरोप लगाते हुए थप्पड़ों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। दूल्हे के स्वजन और पत्नी के पक्ष के लोगों के बीच भी विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर कस्बा चौकी पुलिस पहुंची। पहली पत्नी अतुफा खातून, निवासी बहेरी, बलिया ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खबरें और भी
उनका आरोप है कि दोनों के बीच बलिया न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन हैं। इसके बावजूद पति ने दूसरी शादी कर रहा है। वहीं, दूल्हे का कहना है कि पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था और इसी कारण उसने दूसरी शादी करने का निर्णय लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बरात आगे रवाना हुई और बाद में विवाह संपन्न होने की जानकारी मिली।