आखिरी सांस तक लड़ा 'टॉमी', बलिया में मालिक की जान बचाने को कोबरा से भिड़ा पालतू कुत्ता; सांप को मार डाला
बलिया में एक वफादार लैब्राडोर कुत्ते टॉमी ने अपने मालिक के परिवार को कोबरा से बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। ...और पढ़ें

मालिक की जान बचाने के लिए कोबरा से भिड़ गया कुत्ता।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बलिया। कहते हैं कि वफादारी में कुत्ते का कोई मुकाबला नहीं होता। बलिया में अपने मालिक के परिवार की जिंदगी की रक्षा के लिए एक ऐसे ही पालतू कुत्ते ने अपनी वफादारी और बहादुरी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
कुत्ते ने मालिक के परिवार की जान बचाने के लिए कोबरा से जंग लड़ी। करीब एक घंटे तक दोनों के बीच लड़ाई चली और अंत में कोबरा को मारने के बाद कुत्ते ने भी दम तोड़ दिया। अपने पालतू कुत्ते की वफादारी पर परिवार को गर्व है। साथ ही उसके जाने पर हर किसी की आंखें भी नम हैं।
भट्ठा व्यवसायी दानिश के घर रविवार देर रात करीब दो बजे एक कोबरा सांप घुसने की कोशिश कर रहा था। घर में पिछले आठ वर्षों से परिवार के सदस्य की तरह रह रहे लैब्राडोर नस्ल के कुत्ते टॉमी की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, उसने तुरंत भौंककर परिवार को सतर्क कर दिया।
इसके बाद अपनी जान की परवाह किए बिना उस जहरीले सांप से भिड़ गया। सांप का अंत करने के बाद जहर के प्रभाव से टॉमी ने भी प्राण त्याग दिए।
एक घंटे तक कोबरा से लड़ता रहा टॉमी
स्वजन के अनुसार, कोबरा ने कई बार टॉमी पर हमला किया, लेकिन टॉमी ने उसे छोड़ा नहीं। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक संघर्ष चलता रहा। इस बीच परिवार के लोग सांप को मारने के लिए घर में डंडा खोजते रहे, जो काफी देर तलाश के बाद भी नहीं मिला।
खबरें और भी
आखिरकार टॉमी ने सांप को मार गिराया, लेकिन इस दौरान वह कई बार सांप के जहर का शिकार हो चुका था। सांप को मारने के करीब 30 मिनट बाद टॉमी भी मरणासन्न हो गया। उसे अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन नहीं बच सका।
सोमवार को नम आंखों से परिवार ने अपने वफादार साथी को अंतिम विदाई दी। दफनाते समय परिवार का हर सदस्य भावुक हो गया। हर किसी ने नम आंखों से टॉमी को दफनाया।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम की पॉश सोसायटी में बालकनी की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे लोग