बलिया में प्रेमी से नहीं हो सकी शादी, परिवार ने दूसरी जगह तय कर दी तो ट्रेन के सामने कूद गई
बलिया में प्रेमी से शादी न होने पर नाराज 18 वर्षीय युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, जिसके बाद उस ...और पढ़ें

बलिया में प्रेम विवाह की अनुमति न मिलने पर युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान।
HighLights
प्रेमी से शादी न होने पर युवती ने की आत्महत्या।
बलिया-मऊ रेलखंड पर ट्रेन के आगे कूदी युवती।
परिजनों ने दूसरी जगह तय की थी शादी।
जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया)। प्रेमी से शादी नहीं होने पर नाराज 18 वर्षीय लड़की ने रविवार रात लगभग 9.30 बजे छितौनी गांव के सामने ट्रेन के इंजन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बलिया-मऊ रेलखंड के रसड़ा रेलवे स्टेशन व गढ़िया रेलवे क्रासिंग के बीच हुई। आरपीएफ ने किशोरी की शिनाख्त करने के बाद स्वजन को सूचना दी।
स्वजन के मुताबिक, लड़की का एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग था। स्वजन ने कई बार उसे इसके लिए डांटा भी लेकिन वह नहीं मान रही थी।इसी बीच स्वजन ने उसकी शादी दूसरे लड़के से तय कर दी। यहां तक कि नवंबर में शादी को लेकर घर में अभी से सामान खरीदकर जुटाने लगे थे।हालांकि लड़की इस बात से काफी नाराज थी।
वह प्रेमी से शादी पर अड़ी थी लेकिन स्वजन इससे इन्कार कर रहे थे। रविवार को दोपहर में भी स्वजन ने लड़की को समझाया था लेकिन वह नहीं मानी। रविवार रात बलिया से मऊ की ओर ट्रेन का इंजन भेजा जा रहा था। इसी दौरान लड़की भी रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। 10 मिनट इंतजार करने के बाद रात लगभग 9.30 बजे के करीब इंजन वहां से गुजरता दिखाई दिया।
इसी दौरान वह उसके आगे छलांग लगा दी। लोको पायलट ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रुम को दी। इसके बाद आरपीएफ मौके पर पहुंची। इसके बाद रसड़ा पुलिस को सूचना दी गई। शिनाख्त के बाद लड़की के स्वजन को सूचना दी गई। आरपीएफ चौकी प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रसड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वजन से भी पूछताछ की जा रही है।