बलिया के मरौटी गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से चार परिवारों की दस झोपड़ियों सहित घर गृहस्थी का सामान जल कर नष्ट
बलिया के रेवती क्षेत्र के मरौटी गांव में रविवार रात अज्ञात कारणों से लगी आग में चार परिवारों की 10 रिहायशी झोपड़ियां और लाखों का गृहस्थी का सामान जलकर ...और पढ़ें

बलिया के मरौटी गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग चार परिवारों की दस झोपड़ियां और लाखों का सामान राख।
HighLights
मरौटी गांव में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग।
चार परिवारों की दस झोपड़ियां, लाखों का सामान नष्ट।
पीड़ित परिवार बेघर, प्रधानमंत्री आवास योजना का इंतजार।
जागरण संवाददाता, रेवती (बलिया)। क्षेत्र के भैसहा ग्राम पंचायत के मरौटी गांव में रविवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते चार परिवारों की पलानी की 10 रिहायशी झोपड़ियां, घर गृहस्थी का सारा सामान सहित लाखों रुपए की संपत्ति जल कर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने के लिए विवश हैं।
रविवार की रात मरौटी गांव में सभी लोग सोए हुए थे। रात 12 बजे अचानक अज्ञात कारणों से हीरालाल यादव के झोपड़ी से आग की लपटें निकलनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लालमोहन यादव, लखिया देवी तथा गोपाल यादव के झोपड़ी तक फैल गई। आग की लपटों के चलते गांव वालों के सहयोग से घर की महिलाएं, बच्चें तथा मवेशी सभी सुरक्षित बाहर निकल गए।
गांव वालों के आग पर नियंत्रण के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। इस आग के चलते लखिया देवी व गोपाल यादव की दो-दो झोपड़ियां, 30 बोरी गेहूं, चार बोरी सरसों, एक पंपिंग सेट,दो साइकिल,तीन चौकी, सोने, चांदी के आभूषण, लगभग डेढ़ लाख रूपया तथा हीरालाल यादव,लालमोहन यादव की तीन-तीन झोंपड़ियां, बड़ा साईज के बक्सा में रखा वस्त्र, गहना व गृहस्थी का सामान, मवेशी का चारा काटने वाली मशीन,चारपाई आदि पीड़ित चारों परिवारों की लाखों रूपए की संपत्ति जल कर नष्ट हो गई।
पीड़ित परिवार शिवपुर दतहा गांव के सरयू नदी के कटान से विस्थापित हो दो दशक से मरौटी गांव में बसे हैं। अग्नि पीड़ित लखिया देवी के पुत्र कृष्णा यादव ने बताया कि आज तक हम लोगों को प्रधानमंत्री आवास नही मिला है। प्रधान मुन्ना राजभर ने बताया कि दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री आवास की सूची भेजी गई है। अभी खाता में धनराशि नही आया है। पीड़ित परिवार के लिए अपने स्तर से प्लास्टिक के तिरपाल व भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा हूं।