बलरामपुर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पुलिसकर्मियों से मारपीट और नक्शा फाड़ा
बलरामपुर के महुवा गांव में तालाब की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और राजस्व टीम पर हमला हुआ। ...और पढ़ें
-1785250715826_m.webp)
HighLights
बलरामपुर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला हुआ।
पुलिसकर्मियों से मारपीट की गई, बैज-नेम प्लेट नोचे।
लेखपाल का बंदोबस्ती नक्शा फाड़ा, पांच पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। तुलसीपुर के महुवा गांव में तालाब की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है।
कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से मारपीट और धक्का-मुक्की करने, वर्दी पर लगे बैज और नेम प्लेट नोचने एवं लेखपाल से बंदोबस्ती का नक्शा छीनकर फाड़ने का आरोप है। मामले में लेखपाल की तहरीर पर गौरा चौराहा थाने में तीन महिलाओं समेत पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह है पूरा मामला
लेखपाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व ग्राम महुवा स्थित गाटा संख्या 642 रकबा 0.1500 हेक्टेयर तालाब खाते की सरकारी भूमि है। इस भूमि का 18 जून और 13 जुलाई 2026 को राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश और चिन्हांकन कराया गया था।
जांच में शिवकुमार पुत्र रामदुलारे, प्रभावती पत्नी रामतेज और रमेश कुमार पुत्र रामतेज समेत अन्य लोगों का कब्जा पाया गया। लेखपाल का आरोप है कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद कब्जाधारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद 18 जुलाई को उपजिलाधिकारी तुलसीपुर को रिपोर्ट भेजी गई, जिस पर अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी हुए।
आदेश के अनुपालन में सोमवार दोपहर गौरा चौराहा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम महुवा गांव पहुंची। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर, हेड कांस्टेबल विमलेश कुमार, कांस्टेबल राहुल गौतम, कांस्टेबल अंकित कुमार वर्मा और महिला कांस्टेबल अन्नू वर्मा शामिल थे।
खबरें और भी
वहीं, राजस्व निरीक्षक राजकिशोर तिवारी, लेखपाल बृजेश कुमार सिंह, लेखपाल संतोष कुमार और लेखपाल हेमराज सिंह भी मौके पर मौजूद थे। टीम ने तालाब की भूमि का दोबारा चिन्हांकन कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान शिवकुमार ने अपने परिवार के लोगों को कार्रवाई नहीं होने देने के लिए उकसाया।
इसके बाद रमेश, प्रभावती, चंद्रावती और सावित्री समेत अन्य लोग विरोध करने लगे। पुलिस और राजस्व अधिकारियों के समझाने के बावजूद आरोपित उग्र हो गए और टीम पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई, वर्दी पर लगे बैज और नेम प्लेट तक नोच लिए गए।
हमले के दौरान लेखपाल से ग्राम महुवा का बंदोबस्ती नक्शा छीनकर फाड़ दिया गया। साथ ही आरोपितों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को घेरकर जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई है।