बलरामपुर में मल्टी लेवल पार्किंग और शहर सौंदर्यीकरण पर डीएम का जोर, 15 अगस्त तक चौराहों को संवारने के निर्देश
बलरामपुर डीएम ने शहर में सफाई, जलनिकासी और चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मल्टी लेवल पार्किंग, नो वेंडिंग जोन और 15 अगस्त तक च ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। शहर में सफाई, जलनिकासी और चौराहों को संवारने की चल रही कवायद की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने पैदल भ्रमण किया।
शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शहर में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू करने एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहा से अंबेडकर तिराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा तथा पुराने चौक तक पैदल भ्रमण कर नालों एवं नालियों की सफाई व्यवस्था देखी।
नालियों एवं नालों की नियमित सफाई के साथ-साथ उनके टैपिंग कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि टैपिंग के माध्यम से गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा।
डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को नालों एवं नालियों की सफाई तथा टैपिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ प्राप्त हो सके।
शहर के प्रमुख चौराहों को संवारने के चल रहे कार्यों एवं बिजली खंभा शिफ्टिंग की प्रगति भी देखी। कहा कि 15 अगस्त से पूर्व सभी प्रमुख चौराहों को संवारने का कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे नगर का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दे।
जिलाधिकारी ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने किए गए निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने एवं आमजन की सुविधा के लिए सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना अत्यंत आवश्यक है।
विनय चौराहा बनेगा नो वेंडिंग जोन
यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नगर को वीर विनय चौराहा पर ''नो वेंडिंग जोन'' विकसित और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। कहा कि सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से जाम में कमी आएगी तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
खबरें और भी
जिला मेमोरियल चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था देखी। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित माड्यूलर आपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण एवं संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत गुप्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लाल चंद मौर्य , सहायक अभियंता जल निगम शहरी वैभव पटेल मौजूद रहे।