Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बलरामपुर में दो दर्दनाक हादसे- ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, बाइक सवार ने भी गंवाई जान

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:39 PM (IST)

    बलरामपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सरयू नहर के पास कीचड़ में ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की जान चली गई, वहीं बाइक और ई-रिक् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बलरामपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो मौतें।

    2. कीचड़ में ट्रैक्टर पलटने से किसान बाबूराम चौहान की मौत।

    3. बाइक-ई-रिक्शा टक्कर में हेलमेट न पहनने से बाइक सवार की मौत।

    जागरण संवाददाता, बलरामपुर। भरहापारा गांव के निकट सरयू नहर के पास ट्रैक्टर पलटने से किसान 45 वर्षीय बाबूराम चौहान की मौत हो गई। दूसरी तरफ कोड़री-हरिहरगंज मार्ग स्थित कुर्मीपुरवा गांव के निकट बाइक व ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार किला गांव निवासी 35 वर्षीय राम केवल गुप्त उर्फ पुल्ली के सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

    भरहापारा गांव निवासी बाबूराम चौहान ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर सरयू नहर के पास स्थित अपने खेत की जोताई करने जा रहे थे। लगातार हुई बारिश के कारण नहर किनारे चढ़ाई पर कीचड़ हो गया था। ट्रैक्टर चढ़ाते समय उसका पहिया फिसल जाने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।

    ट्रैक्टर के नीचे दबने से बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रधान प्रेम नारायन ने बताया कि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे किसान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

    मृतक के परिवार में पत्नी प्रेमावती चौहान और तीन छोटे बच्चे हैं। दूसरी तरफ किला गांव निवासी रामकेवल गुप्त उर्फ पुल्ली शनिवार दोपहर दो बजे बाइक पर सवार होकर दूध बेचने बलरामपुर जा रहे थे।

    कुर्मीपुरवा गांव के पास कोड़री की ओर से बलरामपुर जा रहे ई-रिक्शा से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि राम केवल उछलकर सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    पिता राम शंकर गुप्त बदहवास से अस्पताल पहुंचे और सिर पीटकर रोने लगे। पत्नी संजू देवी व बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।