बलरामपुर: चलती बाइक पर गिरी निर्माणाधीन मकान की दीवार, हादसे में 3 युवक हुए घायल
बलरामपुर में मंगलवार रात निर्माणाधीन मकान की दीवार चलती बाइक पर गिर गई, जिससे तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल म ...और पढ़ें

निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी।
HighLights
बलरामपुर में निर्माणाधीन दीवार बाइक पर गिरी, तीन घायल।
घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुरक्षा मानकों के पालन की मांग, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। शहर स्थित भेली पड़ाव से महिला अस्पताल जाने वाले मोड़ पर मंगलवार रात निर्माणाधीन मकान की छत के छज्जे पर उठी दीवार भरभराकर चलती बाइक पर गिर गई। मलबे के नीचे दबने से बाइक सवार बलुहा मुहल्ला निवासी 18 वर्षीय साबिर, गोंडा निवासी 19 वर्षीय फैजान व बहराइच निवासी 19 वर्षीय समीर घायल हो गए। तीनों घायल युवकों का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।
घायल साबिर ने बताया कि वह नहर बालागंज स्थित एक दुकान पर काम करता है। फैजान पिछले सात दिनों से शहर के गोविंदबाग स्थित अंधियारी बाग रोड पर अपनी बुआ शमा बानो के घर आया हुआ था, जबकि समीर सोमवार को गोविंदबाग निवासी अपनी नानी जहीरून के घर आया था। मंगलवार रात लगभग 10 बजे साबिर दुकान बंद करने के बाद अपने दोस्त फैजान और समीर के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर भेली पड़ाव से महिला अस्पताल की ओर जा रहा था।
उधर भेली पड़ाव मुहल्ला निवासी उमाकांत मोदनवाल के बेटे पुराने घर की छत पर नए कमरों का निर्माण करा रहे थे। छत के छज्जे पर रेलिंग के रूप में ईंट की दीवार खड़ी की थी, जो मजबूत नहीं थी। जैसे ही साबिर, फैजान और समीर की बाइक उधर से गुजरी, तभी छज्जे पर उठी रेलिंग की दीवार भरभराकर बाइक पर गिर गई। तीनों बाइक समेत सड़क पर गिरकर दीवार के मलबे के नीचे दब गए।
हेलमेट न पहनने के कारण तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में तीनों युवकों के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
खबरें और भी
घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र का कहना है कि छानबीन की जा रही है।