Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में 16 साल की लड़की से गैंगरेप: ननिहाल जा रही नाबालिग का ई-रिक्शा ड्राइवर ने किया अपहरण, दो गिरफ्तार

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 08:59 AM (IST)

    बांदा में एक किशोरी के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बांदा में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों से पुलिस मुठभेड़।

    2. एक आरोपित के पैर में लगी गोली, दूसरा घायल।

    3. किशोरी का अपहरण कर किया गया था सामूहिक दुष्कर्म।

    जागरण संवाददाता, बांदा। शहर कोतवाली के भवानी पुरवा के पास गंछा रोड पर रविवार सुबह 10 बजे मरका कस्बे के एक मुहल्ले की किशोरी को अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपितों से एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) व दो थानों की संयुक्त टीम की मुठभेड़ हो गई।

    मुठभेड़ में एक आरोपित बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका पड़ोसी साथी ई रिक्शा चालक भागने के चक्कर में गिरकर घायल हो गया। उसे पकड़ने के प्रयास में मरका थाने के दो सिपाही भी जख्मी हुए।

    चारों को एंबुलेंस व पुलिस वाहनों से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली जख्मी आरोपित व सिपाहियों की प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल छुट्टी कर दी गई। आरोपितों के पास से घटना में इस्तेमाल तमंचा व कारतूसों के साथ ई रिक्शा बरामद किया गया है।

    एक किलोमीटर तक भागी थी नाबालिग

    दोनों आरोपितों के विरुद्ध मरका थाने में अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो के साथ मुठभेड़ का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। घायल आरोपित पहले भी जानलेवा हमले के मामले में जेल जा चुका है।

    खबरें और भी

    घटना के दौरान किशोरी अपनी आबरू बचाने के लिए एक किलोमीटर तक पैदल भागी थी। बाद में एक महिला ने उसको बचाते हुए पुलिस को सूचना दी थी।

    ननिहाल जा रही थी किशोरी

    मरका कस्बा के एक मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय किशोरी ने 24 जुलाई को स्वजन से बिना पूछे गेहूं बेंच दिया था। इससे बड़े भाई ने शाम को उसको डांट दिया। इससे नाराज होकर वह घर से ननिहाल फतेहपुर जनपद के एक गांव जाने के लिए निकली थी।

    रात करीब साढ़े आठ बजे वह बांदा रोडवेज बस स्टैंड पहुंची, जहां से ननिहाल जाने के लिए वह खांईपार मोहल्ला निवासी 50 वर्षीय नरेश के ई-रिक्शा में बैठी। ई-रिक्शा चालक नरेश ने अपने पड़ोस के साथी 25 वर्षीय एजाज को बुलाकर किशोरी का अपहरण कर शहर कोतवाली के नवाब टैंक के पास सूनसान में झाड़ियों के पास ले गया। यहां पर दोनों आरोपितों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

    पीड़िता ने दुकानदार की मदद से पुलिस को दी सूचना

    एएसपी शिवराज ने बताया कि किशोरी जब चीखी और हाथ में काटकर वहां से भागी तो आरोपित भी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने पास के दुकानदारों की मदद से पुलिस को सूचना दी। इससे मरका थाने में अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के साथ पॉक्सो का अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

    एसपी पलाश बंसल ने तुरंत कोतवाली नगर, मरका व एसओजी टीमों को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित टीमों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों व ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान की।

    रिश्तेदार के घर से आते वक्त पकड़ा गया ई-रिक्शा चालक

    रविवार सुबह संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ई-रिक्शा चालक रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के पीछे अपने किसी रिश्तेदार के यहां से आरोपित साथी के साथ आ रहा है। एसओजी प्रभारी आनंद सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह व मरका थाना प्रभारी सुबेदार बिंद ने हमराहियों के साथ गंछा रोड पर दोनों को घेर लिया।

    आरोपितों ने पुलिस पर किया फायर

    खुद को घिरता देख आरोपितों ने पुलिस पर तमंचे से गोली चला दी, जिसमें पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एजाज के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

    मुठभेड़ के दौरान गिरने से मरका थाने के सिपाही मो. युनूस व इंद्रपाल भी जख्मी हुए। इससे चारों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

    एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में एजाज पर पहले से जानलेवा हमला व अवैध असलहा रखने का मुकदमा दर्ज है। वह पहले भी जेल भेजा जा चुका है।

    यह भी पढ़ें- ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म, पंजाब का युवक गिरफ्तार; सोशल मीडिया पर हुई थी जान-पहचान