Banda Baberu MLA Report Card: चार वर्ष में भी नहीं बदली तस्वीर, यमुना कटरी क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था बनी नासूर
सपा विधायक विशंभर यादव के चार साल के कार्यकाल में बबेरू क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था और रोडवेज बस स्टैंड जैसी प्रमुख समस्याएं अनसुलझी रहीं। हालांकि, उन ...और पढ़ें

HighLights
सिंचाई व्यवस्था व रोडवेज बस स्टैंड अधूरे रहे
दलदल वाली गलियां पक्की हुईं, स्ट्रीट लाइटें लगीं
विधायक निधि से 37.57 करोड़ के कार्य हुए
जागरण संवाददाता, बांदा। बबेरू क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बने सपा के विशंभर यादव यहां की सबसे गंभीर समस्या सिंचाई व्यवस्था बेहतर कराने में नाकाम रहे। हालात ये हैं कि यमुना कटरी क्षेत्रों में आज तक नहरों का विस्तार नहीं हो सका। सरकारी नलकूपों का अभाव बना हुआ है। चार सालों में भी क्षेत्र की इस बड़ी समस्या का निदान नहीं हो सका। इस अव्यवस्था से क्षेत्र की दो लाख की आबादी प्रभावित है। चुनावी वादों में सीसीरोड, स्मृति द्वार व क्षेत्र के सभी स्कूलों को खेल सामग्री जैसी सुविधाएं मिली हैं।
वहीं दूसरी ओर कस्बे में हाईमास्ट लाइटें आदि के काम भी हो रहे हैं। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने की उम्मीद भी पूरी नहीं हो सकी है। ग्रामीण सड़कों की स्थिति कई जगह खराब है। बबेरू-मर्का व मर्का-कमासिन मार्गों का चौड़ीकरण न होने से आवागमन में आज भी परेशानी होती है। बबेरू के रोडवेज बस स्टैंड का काम अभी भी अधर में लटका है, जो लोगों की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम कर रहा है। इसे 2024 में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक शुरू नहीं हो सका। पेश है बबेरू विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर...।
दलदल वाली गलियों को पक्का कराया
बबेरू के सपा विधायक विशंभर यादव क्षेत्र की कई दलदल गलियों को पक्का किया है। इन गलियों में वर्ष भर लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता था। किसान अपनी उपज घर तक नहीं ले जा पाता था, लोगों को अपने दो पहिया वाहन घर तक ले जाने में परेशानी होती थी। लिहाजा लोगों के दर्द को समझते हुए गलियों को पक्का करवाया। स्ट्रीट लाइटें लगवाई। इसके अलावा उन्होंने स्कूलों में बच्चों को खेल सामग्री के लिए धनराशि दी। महापुरुषों के स्मृति द्वार, व्यायाम शालाएं आदि बनवाईं।
खेल, शिक्षा पर भी बजट किया खर्च
विधान सभा क्षेत्र में अपनी विधायक निधि व बुंदेलखंड विकास निधि का करीब 37.57 करोड़ रुपये से कार्यों को करवाया है। 50 से अधिक सीसी रोड, लाइटें आदि पर करीब 22.3 करोड़ रुपये खर्च किए। स्कूल भवन निर्माण, शौचालय, खेल सामग्री आदि के कार्यों पर 2.3 करोड़ रुपये खर्च किए। खेल मैदान, मिनी स्टेडियम, व्यायाम शालाएं, स्वच्छता, पेयजल आदि में 10.2 करोड़ रुपये खर्च किया। महापुरुषों के नाम पर 1.12 करोड़ रुपये से स्मृति द्वार बनवाए। वहीं 1.65 करोड़ रुपये क्षेत्र के गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज पर खर्च किए।
खबरें और भी
विधानसभा: बबेरू
- मतदाता-3,15,583
- पुरुष मतदाता-1,77689, महिला
- महिला मतदाता-1,37,887
- थर्ड जेंडर-सात
विधायक निधि से बबेरू ब्लाक में 10 दिव्यांग लाभार्थियों को 45 हजार रुपये की मोटराइज्ड ई-ट्राई साइकिलें वितरित कीं। बताया कि कालिंजर दुर्ग के विकास के लिए उन्होंने अपनी पांच बीघा निजी भूमि प्रशासन को दान कर दी। इस भूमि पर रोडवेज बस स्टैंड बनने से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे। वे गरीब, किसान, युवा और पीडीए यानी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक की बात प्रमुखता से उठाते हैं। लोगों की समस्या को वह अपनी समस्या समझते हैं।
विशंभर सिंह यादव, सपा विधायक
बबेरू की जनता को अपने विधायक से बहुत उम्मीदें थीं जो पूरी नहीं हुईं। क्षेत्र में कोई विशेष काम नहीं हुआ है। कई गांवों में अभी भी गर्मी में पेयजल संकट बना रहता है। ग्रामीण सड़कों की स्थिति कई जगह खराब है। बबेरू-मर्का व मर्का-कमासिन मार्गों का चौड़ीकरण न होने से आवागमन में आज भी परेशानी होती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टरों और जरूरी दवाओं की कमी बनी है। विधायक वर्षों से अधूरा पड़ा रोडवेज बस स्टैंड भी शुरू नहीं करवा सके।
अजय सिंह पटेल, भाजपा प्रत्याशी रनर
कई सीसीरोड का निर्माण करवाकर बदहाल गलियों से मुक्ति दिलवाई। महापुरुषों के स्मृति बनवाए। किसानों के लिए पानी व बिजली की के वादों को पूरा होने की उम्मीदें हैं।
उमाकांत तिवारी, बुढ़ौली
खेल प्रतिभाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किया है, लेकिन तीन बार विधायक रहते अभी तक रोडवेज बस स्टैंड का संचालन नहीं हुआ। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय की आवश्यकता है।
सुमित अग्रहरि, बबेरू
चुनाव के समय जब गांव-गांव जाकर वोट मांगते हैं, तो क्या ऐसा संभव नहीं है कि गांव में चौपाल लोगों की समस्याएं भी सुनी जा सकें। किसानों की पानी की समस्या पर विचार करें।
अवनीश श्रीवास्तव, मरका
लोगों ने तीन बार उन पर भरोसा किया, वास्तव में उन्होंने ने बेहतर कार्य किए हैं। गलियों को रोशन कर अंधेरे से मुक्ति दिलवाई। लेकिन अभी भी कई मार्गों के हालात पर ध्यान नहीं दिया, ताकि आवागमन सुधर सके।
मनोज कुमार, ओरन
सदन की कार्रवाई में शत प्रतिशत रही उपस्थिति
सपा के विधायक विशंभर यादव ने सदन से चार सूचनाएं मांगी और सदन में सात याचिकाएं दी गईं। इन याचिकाओं में केन नदी में अवैध खनन रोके जाने की उठाई आवाज, इसके अलावा सड़कों का चौड़ीकरण कराए जाने को लेकर चर्चा की, साथ ही बबेरू में बस स्टैंड शुरू कराने को लेकर मांग उठाई।