बांदा में मैरिज हॉल में करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने पहुंचे पिता, दोनों की मौत, मां भी झुलसी
बांदा के कालूकुआं स्थित एक मैरिज हॉल में करंट फैलने से गार्ड पिता और उसके बेटे की मौत हो गई। गीले कपड़े सुखाते समय बेटा करंट की चपेट में आया, बचाने गए ...और पढ़ें

HighLights
नहाने के बाद गीले कपड़े कमरे के अंदर लगे लोहे के तार में फैलाते समय युवक चिपका
बचाने के चक्कर में पिता भी चिपके, दरवाजा छूने से मां तेज झटका खाकर गिरीं दूर
पिता पांच हजार रुपये में गार्ड की करते थे नौकरी, पुलिस कर रही जांच
जागरण संवाददाता, बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कालूकुआं स्थित एक मैरिज हाल के कमरे में गुरुवार रात दस बजे करंट फैलने से वहां के गार्ड व उनके बेटे की चिपक कर मौत हो गई। जबकि गार्ड की पत्नी दरवाजा पकड़ते ही तेज झटका खाकर दूर गिरने से झुलस गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
झुलसी महिला ने बताया कि नहाने के बाद गीले कपड़े कमरे के अंदर लगे तार में फैलाते समय पहले उनका बेटा करंट में चिपका, बाद में बचाने के लिए गार्ड पिता ने उसे पकड़ा तो वह भी चपेट में आ गए। घटना से मुहल्लेवासियों की भीड़ लगने के साथ अफरा-तफरी मची रही। पुलिस घटना की जहां जांच कर रही है, वहीं घटनास्थल वाले कमरे में ताला लगाकर चाबी आने साथ ले गई है।
गिरवां कस्बे के प्रेमपुर गांव निवासी 58 वर्षीय बाबूलाल कोटार्य कालूकुआं मुहल्ला स्थित सिटी गार्डेन मैरिज हाल में दो माह से गार्ड की नौकरी करते थे। इससे वह अपनी 55 वर्षीय पत्नी मुन्नी के साथ मुख्य गेट के पास बने कमरे में रहते थे। शनिवार को माता-पिता से मिलने उनका 28 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र उर्फ धीरू आया था। घटना के समय पूजा करने के लिए धीरू नहाने के बाद बगल के कमरे के अंदर लगे लोहे के तार में अपने गीले कपड़े अंडरवियर फैलाने लगा। जैसे ही उसने तार को छुआ उसमें आ रहे करंट की वजह से चिपक गया।
बेटे की चीख सुनकर मां मुन्नी बचाने के लिए दौड़ी तो वह कमरे में लगा दरवाजा छूते ही तेज करंट का झटका खाकर दूर गिरीं। इसी बीच गार्ड पिता ने जाकर बेटे को छुआ तो वह भी करंट से चिपक गए। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। झुलसी मुन्नी के छाती पीटकर रोने की आवाज पड़ोसियों ने सुनी तो तुरंत मैरिज हाल के मैनेजर कल्लू सिंह निवासी ग्राम महोखर को व पुलिस को सूचना दी।
खबरें और भी
मैरिज हाल के मालिक पुनीत त्रिवेदी व पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से पिता-पुत्र व मां मुन्नी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि झुलसी महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
मैनेजर ने बताया कि वह घटना से करीब आधा घंटे पहले साढ़े नौ बजे रात वहां से घर गया था। तब तक किसी तरह की दिक्कत परेशानी नहीं थी। कमरे की अंडर ग्राउंड फिटिंग है। इससे फ्रिज के बोर्ड व वहां लगे पंखे से कमरे में करंट उतरने की संभावना है। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा।
शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह समेत अन्य चौकी इंचार्जों ने घटनास्थल को देखा। कोई अन्य कर्मचारी करंट की चपेट में न आए। इसके लिए वहां की लाइट कटवाई गई। बिलखते स्वजन अस्पताल पहुंचे।उन्होंने आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक ने बताया कि करंट से दो लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। मामले की जांच कराई जा रही है।