Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांदा में आसमानी आफत! 47.6 डिग्री पहुंचा पारा, अखिलेश यादव ने अवैध खनन को लेकर सरकार को घेरा; स्कूलों में छुट्टियां घोषित

    Updated: Mon, 18 May 2026 11:13 PM (IST)

    बांदा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गर्म हवाओं और तेज धूप से जनजीवन प्रभावित है, लो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बांदा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

    2. गर्म हवाएं 13-16 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं

    3. मौसम विज्ञानी ने धूप व लू से बचने की सलाह दी

    जागरण संवाददाता, बांदा। बांदा जिला सोमवार को 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म जिला रहा। 13 किमी/घंटा की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिसके चलते जिलाधिकारी ने कक्षा 8 तक के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। इस बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर बांदा की इस स्थिति के लिए भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रहे अवैध खनन और पहाड़ों के दोहन को जिम्मेदार ठहराया है।

    एक बार फिर से जिला भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। लगातार बढ़ रहे तापमान के चलते आमजन जीवन प्रभावित होने लगा है। सुबह से घर से निकलने के लिए लोगों को कई बार साेचना पड़ रहा है। बांदा के देश और प्रदेश में सबसे गर्म होने के कारण यहां का आवागमन सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। कस्बे से शहर तक की दूरी तय करना मुश्किल हो रहा है।

    जिले में बीते कई दिनों से एक बार भीषण गर्मी की चपेट में आ जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन तक जिले के प्रदेश में सबसे अधिक गर्म होने के बाद सोमवार को भी आसमान से आग बरसती रही। रविवार का अधिकतम तापमान 46.4 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही सूरज के तल्ख तेवर से लोग परेशान रहे। लू चलने के कारण सुबह से ही लोग अपने दैनिक कार्यों को निपटाते दिखे। 11 बजे से ही सड़कों में सन्नाटा पसरने लगा।

    तापमान में अभी और भी बढ़ोत्तरी होगी। सीधी धूप व लू से लोगों को बचना चाहिये। दोपहर में घर में ही रुके। यदि मजबूरी में निकलना पड़े तो शरीर पूरी तरह से ढक निकलें।
    दिनेश साहा, मौसम विज्ञानी, बांदा


    बांदा के सबसे गर्म होने पर अखिलेश ने भाजपा को घेरा

    देश और प्रदेश में बांदा जिला सबसे गर्म होने के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी बेतहाशा अवैध खनन को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रिय बांदावासियों, अगर बांदा का शोषण-दोहन लगातार यूं ही होता रहा तो एक दिन दुनिया कहेगी : एक था बांदा। आरोप लगाया कि आज की धन लोभी भाजपा सरकार और उनके पालित-पोषित लालची ठेकेदारों द्वारा निर्मम उत्खनन के कारण बांदा को साजिशन खत्म किया जा रहा है।

    बांदा को मिटाया जा रहा है और दूसरी जगहों को बसाया जा रहा है। बांदा के इस प्राकृतिक उत्पीड़न’ के कारण स्थानीय पैदावार चक्र भी बुरी तरह प्रभावित होना शुरू हो चुका है और काम-कारोबार की कमी की वजह से लोग दूसरी जगह जा रहे हैं। इससे बांदा प्राकृतिक पलायन का शिकार हो रहा है। इसी कारण की वजह से बांदा की हर संपत्ति का मूल्य भी घट रहा है और बांदा का मान भी।

    खबरें और भी


    लू के चलते ग्रीष्मावकाश शुरू, आज से ही बंद रहेंगे आठवीं तक के स्कूल

    बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासनों ने सख्त कदम उठाए हैं। प्रशासन का मानना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों का स्कूल जाना उनकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है. इसी वजह से गर्मियों की छुट्टियों का शेड्यूल जारी किया गया है ताकि बच्चों को हीटवेव से बचाया जा सके।

    जिले में बीते दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के चलते जिलाधिकारी ने एक से लेकर आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए गए हैं। आज से ग्रीष्मावकाश तक यह सभी स्कूल बंद रहेंगे। ग्रीष्मावकाश 20 मई से घोषित किया जाना था, लेकिन जिले में हीटवेव के जिलाधिकारी अमित आसेरी ने एक से आठवीं तक के सभी स्कूलों को ग्रीष्मकालीन अवकाश तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए अव्यवक्त राम तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ग्रीष्मावकाश घोषित किया गया है। मंगलवार से लेकर ग्रीष्मावकाश समाप्ति तक एक से आठवीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही बीएलओ व जनगणना में लगे शिक्षक नियमित कार्य करेंगे।

    यह भी पढ़ें- Banda Heat 47.6°C: बेलगाम खनन और पहाड़ों की ब्लास्टिंग, नदियां सूखीं, चट्टानें उगल रहीं आग, देश का Hottest District बना बांदा