महिला ने गनर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एसपी बोले- दोनों पति-पत्नी हैं; गैंगरेप मामले में मिली थी सुरक्षा
बांदा में पूर्व विधायक पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने अपनी सुरक्षा में तैनात गनर पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बांदा। नरैनी विधान सभा क्षेत्र के पूर्व बसपा विधायक व उनके सहयोगियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला एक बार फिर सुर्खियों में आ गई। उसने सुरक्षा व्यवस्था में लगे गनर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि वह गर्भवती भी हो गई। आरोपित शादी करने से इनकार कर धमकी दे रहा है। आरोपित के विरुद्ध युवती ने कार्रवाई की मांग उठाई है।
यह है पूरा मामला
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि उसे उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर सुरक्षा के रूप में गनर मिला है। उसकी सुरक्षा में लंबे समय से तैनात गनर ने उसको बहकाकर शादी करने का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने कई बार उससे शादी करने की बात कही तो वह टाल देता रहा है। इस बीच वह गर्भवती भी हो गई। उसने रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज के अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। हालांकि उसकी बाद में मृत्यु हो गई। बच्चे की मौत के बाद आरोपित गनर उसे छोड़कर चला गया।
आरोप लगाया कि सिपाही ने उसका फोन नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। बात न होने और शादी न करने से परेशान होकर वह गनर के गांव गई, लेकिन आरोपित उसे वहां नहीं मिला। जब वह गनर का पता करने के लिए पुलिस लाइन गई तो जानकारी हुई कि वह 17 जुलाई को आएगा।
खबरें और भी
17 जुलाई को वह पुलिस लाइन पहुंची तो गनर ने उसे गाली गलौज कर अपमानित किया। शिकायत करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने आरोपित पर साथ में रहने के दौरान कई बार उसके व उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है। गनर के माता-पिता से शिकायत की तो उन्होंने भी जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी लाश गायब करने की धमकी दी है।
गनर व महिला पति-पत्नी हैं: एसपी
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि जांच कराई गई है। जांच में सामने आया है कि दोनों (गनर व महिला) पति-पत्नी हैं। 10 दिन पहले गनर ने पेश होकर कहा था कि उसको महिला की गनर की ड्यूटी से हटा दिया जाए, नहीं तो वह परेशान होकर आत्महत्या कर लेगा। इस पर उसे गनर ड्यूटी से हटाने के आदेश किए गए थे, जबकि आरोप लगाने वाली महिला ने उनसे गुहार लगाई थी कि उसको गनर के रूप में तैनात रखें।
अब दोनों के बीच आपसी विवाद हो गया है। इसलिए महिला अपने ही पति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा रही है। इससे मामले को परिवार परामर्श केंद्र में स्थानांतरित किया गया है। जहां कमेटी दोनों पक्षों की बात सुनकर उचित कार्रवाई करेगी।