फोरलेन बनेगा बांदा-बहराइच हाईवे, अयोध्या और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होगी सीधी कनेक्टिविटी
बाराबंकी से रायबरेली तक 58.2 किमी लंबा बांदा-बहराइच राजकीय राजमार्ग 2030 तक तीन चरणों में फोरलेन बनेगा। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बांदा-बहराइच मार्ग 58.2 किमी फोरलेन बनेगा।
अयोध्या और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। अयोध्या और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को बांदा-बहराइच राजकीय राजमार्ग फोरलेन के रूप में जोड़ेगा। तैयारी शुरू हो गई है। बाराबंकी से रायबरेली की सीमा पर स्थित कुंभी तरौंजा गांव तक करीब 58.2 किलोमीटर लंबे मार्ग को वर्ष 2030 तक तीन चरणों में फोरलेन करने का प्रस्ताव बनाया गया है।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड पहले चरण में बाराबंकी से भानमऊ तक 16 किलोमीटर मार्ग को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। दोनों और नाला और 27 मीटर सड़क की डिवाइडर के साथ चौड़ाई होगी।
दूसरे चरण में भानमऊ से नईसड़क तक 20 किमी हाईवे बनेगा। इस हिस्से का निर्माण वर्ष 2028 में पूरा कराने का प्रस्ताव है। तीसरे चरण में नईसड़क से हैदरगढ़ के दौलतपुर स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास तक करीब आठ किलोमीटर और अंडरपास से रायबरेली के कुंभी तरौंजा गांव की सीमा तक करीब 13 किलोमीटर मार्ग का फोरलेन बनेगा। इस हिस्से का काम वर्ष 2029 से 2030 के बीच पूरा कराने के लिए शासन ने प्रस्ताव लिया है।
दुर्घटनाओं में आएगी कमी
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता अजीत सोनकर ने बताया कि लखनऊ के एसीआर में बाराबंकी जिला शामिल होने के साथ ही बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ा है।
अयोध्या और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। बढ़ते यातायात को देखते हुए चार वर्ष में तीन चरणों में फोरलेन करने का प्रस्ताव है। मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही दुर्घटनाओं में कमी और आवागमन में सुगमता आने की उम्मीद है।