स्कूल के किचन में चोरी करने गए चोर वहीं सो गए, सुबह सिलिंडर को ठिकाने लगाते ही पहुंच गई पुलिस
दरियाबाद के सराय शाह आलम गांव में नशे में धुत चोरों ने एक स्कूल की रसोई से सिलेंडर चुराया। चोरी के बाद वे वहीं सो गए। सुबह एक चोर सिलेंडर छिपाते हुए प ...और पढ़ें

तस्वीर एआई जनरेटेड है।
HighLights
नशे में धुत चोरों ने स्कूल की रसोई से सिलेंडर चुराया।
चोरी के बाद चोर स्कूल परिसर में ही सो गए।
सुबह सिलेंडर छिपाते हुए एक चोर पुलिस ने पकड़ा।
संवाद सूत्र, दरियाबाद (बाराबंकी)। विद्यालय में चोरी करने गए नशे की हालत में चोर ताला तोड़ कर वहीं पर सो गए। भोर में नींद खुली तो एक साथी फरार हो गया, जबकि दूसरा बाउंड्रीवाल के बाहर सिलिंडर फेंक सरसों के खेत में छुपाने गया। सिलिंडर छुपाते गांव के पूर्व प्रधान ने देख लिया। पुलिस पहुंची और सरसों के खेत से स्कूल का सिलिंडर बरामद किया। फरार चोर को भी पुलिस के हिरासत में लिया है। उधर, चोर के पास मिले फोन में कई जगहों पर रेकी करने की बात की रिकॉर्डिंग व चैटिंग की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस इस बात से इनकार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दरियाबाद के सराय शाह आलम गांव में संविलयन विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़कर चोरों ने सिलिंडर चुराया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे चोर ने जैसे ही विद्यालय की बाउंड्रीवाल से सिलेंडर रास्ते में फेंका, वैसे ही गांव के पूर्व प्रधान फुरकान अहमद की नजर पड़ गई। जब तक वह पहुंचते, चोर सुबह हो जाने के कारण सिलिंडर ले जाकर सरसों के खेत में छुपा चुका था। इस पर पुलिस बुलाई गई। मौके पर पीआरवी पहुंची।
पकड़े गए युवक की निशानदेही पर खेत से सिलिंडर बरामद किया गया। पुलिस ने पूछतांछ की। जिसमें हिरासत में लिए गए चोर की पहचान सराय शाह आलम का गयास के रूप में हुई। उसने बताया कि साथी लवकुश फरार हुआ है। पुलिस को तहरीर दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक यह चोर रात में सो गए होंगे, जिसके कारण सुबह सिलिंडर लेकर भागे। चौकी इंचार्ज रमेश सिंह ने विद्यालय पहुंच जांच की। उन्होंने बताया कि दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
उधर, गयास के फोन में चोरी के लिए रेकी करने की बातचीत होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने इस बात से इनकार किया है। कहा जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी में गैस एजेंसियों की मनमानी से हालत बेकाबू, सुरक्षा कर्मियों से भी मारपीट