बाराबंकी में एक सिपाही बेअंदाज, कार सवार से बोला- कायदे से रहो नहीं तो दिनदहाड़े मारूंगा
Barabanki News: वायरल वीडियो में सिपाही कार सवार से कह रहा है कि मैं तुम्हें दिनदहाड़े मारूंगा, सड़क पर पटककर कायदे से मारूंगा।
HighLights
सिपाही को न तो एसपी का डर और न ही जज से कोई भय
वीडियो वायरल होने के बाद प्रकरण की जांच का आदेश
डिजिटल डेस्क, बाराबंकी। पुलिस महानिदेशक के साथ ही जिलों के एसपी मातहतों से भले ही सभ्य व्यवहार की अपील और अपेक्षा करते हैं, लेकिन यह लोग बेहद बेअंदाज हैं। ताजा मामला सदैव आपकी सेवा में तत्पर रहने वाली बाराबंकी पुलिस का है।
बाराबंकी में एक सिपाही ने कार सवार से बोला कि कायदे से रहो नहीं तो दिनदहाड़े मारूंगा। इसके साथ ही उसने कहा कि न तो मुझे कप्तान (एसपी) और न ही किसी जज का डर है। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल है।
वायरल वीडियो में सिपाही कार सवार से कह रहा है कि मैं तुम्हें दिनदहाड़े मारूंगा, सड़क पर पटककर कायदे से मारूंगा। कप्तान के पास चले जाना चाहें जज साहब के पास चले जाना। अफीम के खेती के लिए मशहूर इस शहर की आबोहवा ही काफी अलग है।
वीडियो में दिख रहा सिपाही लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मेयो पुलिस चौकी में तैनात कपिल तिवारी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 21/22 अगस्त की रात करीब एक बजे ग्राम सरथरा के हनुमान मंदिर के पास हुई। आरक्षी कपिल तिवारी और रिक्रूट आरक्षी करनदीप उस समय गश्त पर थे।
इसी दौरान सरथरा निवासी विशाल यादव अपनी स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा और पुलिसकर्मियों से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान विशाल यादव ने बातचीत का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के अनुसार, विशाल यादव के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
