विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी में जेन अल्फा की आवाज का असर, CM से लगाई गुहार तो DM ने सुनी और सड़क पर भरे जा रहे गड्ढे

Published: Wed, 26 Aug 2026 05:59 PM (IST)

Impact of Gen Alpha Voice in Barabanki: डीएम के निर्देश पर नगर पालिका ईओ संजय शुक्ला ने बुधवार को सड़क की मरम्मत शुरू करा दी।

HighLights

  1. चार वर्ष की नर्सरी की छात्रा के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का डीएम ने लिया संज्ञान

  2. शहर के नवीगंज में गड्ढायुक्त सड़क की मरम्मत शुरू

संवाद सूत्र, बाराबंकी। राजधानी लखनऊ के बाद अब पड़ोसी जिले बाराबंकी में जेन अल्फा की आवाज का बड़ा असर हो गया है। नर्सरी की छात्रा ने सड़क पर गड्ढ़े को लेकर आवाज बुलंद की और इसका वीडियो वायरल हुआ तो जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लिया।

जर्जर सड़क के बारे में एक नर्सरी की छात्रा का इंटरनेट पर वीडियो प्रसारित हुआ, जिसका संज्ञान डीएम ईशान प्रताप सिंह ने लिया। एसडीएम सदर एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल को मौके पर भेजा। छात्रा की उठाई गई समस्या सही निकली।

डीएम के निर्देश पर नगर पालिका ईओ संजय शुक्ला ने बुधवार को सड़क की मरम्मत शुरू करा दी। जिलाधिकारी ने बुधवार को दोपहर बाद छात्रा को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में बुलाकर बात की। उसे बिस्किट देकर दुलार भी किया।

नवीगंज के राज मोहम्मद रोलिंग शटर का काम करते हैं। इनकी चार वर्षीय पुत्री आयशा राज शहर के देवा रोड स्थित आनंद भवन विद्यालय में नर्सरी की छात्रा है। मोहल्ले की सड़क जर्जर व गड्ढायुक्त होने कारण बारिश का पानी भरा रहता है। ऐसे में नागरिकों के साथ बच्चों को विद्यालय में आवागमन में काफी परेशानी होती है।

मंगलवार को एक युवक ने आयशा राज का मुख्यमंत्री को संबोधित वीडियो बनाया। वीडियो में आयशा कह रहीं है कि ‘सीएम अंकल हमारे घर की रोड बनवा दीजिए, हम डूब गए थे, पानी भर जाता है।’ एसडीएम ने बताया कि छात्रा के वीडियो का संज्ञान लेकर मौके पर जाकर देखा गया तो समस्या सही निकली। सड़क की मरम्मत नगर पालिका करा रही है।

यह भी पढ़ें- सीतापुर में जेन अल्फा का विरोध, नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अव्यवस्थाओं को लेकर स्वयं को कमरे में किया बंद

यह भी पढ़ें- लखनऊ में फिर Gen Alpha का प्रदर्शन: शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरीं छात्राएं, बारिश में भी डटी रहीं