बाराबंंकी में बारिश से कच्ची दीवार गिरी भरभराकर गिरी, मलबे में दबकर महिला की मौत
बाराबंकी में बारिश से कमजोर हुई एक कच्ची दीवार गिरने से एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। ...और पढ़ें

मलबे में दबकर महिला की मौत।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। घर के बाहर रस्सी पर सूख रहे कपड़े उतारते समय बारिश से कमजोर हुई दीवार भरभराकर महिला के ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मची है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवा के मलूकपुर मजरे मोहम्मदपुर निवासी राजेश्वरी सोमवार सुबह घर के बगल में सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। पास में पुराने कच्चे मकान की मिट्टी की एक मोटी दीवार खड़ी थी। कपड़े उतारते समय दीवार भरभराकर ढह गई और राजेश्वरी उसके मलबे में दब गईं। हादसा होते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने आनन-फानन मिट्टी और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला।
स्वजन एंबुलेंस से राजेश्वरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा लेकर पहुंचे, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. संजीव कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
पक्के मकान के बाद बची थी सिर्फ एक दीवार
पुराने कच्चे मकान की जगह बगल में पक्का मकान बना लिया गया था। पुराने घर की मिट्टी की केवल एक दीवार ही बची थी। लगातार बारिश से दीवार में नमी आ गई थी और वह कमजोर हो गई थी। राजेश्वरी की तीन पुत्रियां हैं और तीनों विवाहित हैं। मां की मौत की खबर मिलते ही बेटियों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। घर में चीख-पुकार मची रही।
