विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बैटरी हो गई थी 0...' टीवी शो 'अनुपमा' के मशहूर एक्टर अचानक पहुंचे बरेली, बोली दिल छू लेने वाली बात

Published: Tue, 22 Sep 2026 06:11 PM (IST)

टीवी शो 'अनुपमा' में राजा का किरदार निभाने वाले जतिन सूरी दो साल बाद अपने गृह जनपद बरेली लौटे हैं। ...और पढ़ें

बरेली जागरण ऑफिस पहुंचे जतिन सूरी

बरेली जागरण ऑफिस पहुंचे जतिन सूरी

HighLights

  1. टीवी के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ के जतिन सूरी ने जागरण संग साझा किए विचार

  2. पिता संग करेंगे अगली फिल्म, पेरिस, नैनीताल और मुंबई में होगी शूटिंग

हिमांशु अग्निहोत्री, बरेली। टीवी के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ के राजा किरदार से पहचान बनाने वाले बालीवुड अभिनेता जतिन सूरी करीब दो वर्ष बाद अपने गृह जनपद बरेली लौटे हैं। शहर में कदम रखते ही उनके चेहरे पर वही पुरानी मुस्कान लौट आई। वह कहते हैं, मुंबई की भागदौड़ में बैटरी पूरी तरह जीरो हो गई थी, इसलिए खुद को चार्ज करने बरेली आ गया हूं।

जागरण कार्यालय पहुंचे जतिन ने कहा, मीडिया और अभिनय की दुनिया में उनके 12 साल पूरे हो चुके हैं। काम के सिलसिले में कई शहर देखे, लेकिन बरेली की गलियां, चौराहे और दोस्तों के साथ बिताए पल आज भी सबसे खास हैं।

मुस्कुराते हुए कहा, 'जब भी यहां आता हूं तो लगता है जैसे शहर मुझे नाम लेकर बुला रहा हो'। कहा, पहले उनका घर आवास-विकास में था, जहां वह दोस्तों संग पार्क में खेला करते थे। वह मुहल्ला और गली मुंबई रहकर बहुत याद आता है।

कैंट और रामपुर गार्डन में बसी हैं यादें

उन्होंने याद किया कि स्कूल और कालेज के दिनों में कैंट की सड़कों पर घंटों घूमना, बेकरी के सामने दोस्तों संग लंबी गपशप और रामपुर गार्डन की दाल खाना रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था।

मुंबई में लोग अच्छे हैं, लेकिन रिश्ते ज्यादातर प्रोफेशनल हैं। बरेली जैसी दोस्ती वहां नहीं मिलती। चार दिन की छुट्टी पर आए जतिन इन दिनों परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।

उनका कहना है कि शहर पहले से कहीं अधिक विकसित और खूबसूरत हो गया है, लेकिन यहां की अपनापन भरी संस्कृति आज भी वैसी ही है। कहा, मम्मी के हाथों का पराठा आराम से खाऊंगा, इसे बहुत मिस किया।

पिता मेजर और बेटा बनेगा पुलिस

जतिन ने अपनी आगामी बालीवुड फिल्म ‘द कीड़ा’ का भी खुलासा किया। इसमें वह पहली बार मुख्य भूमिका में एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाएंगे, जबकि उनके पिता कमल सूरी पाकिस्तानी सेना के मेजर की भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म की शूटिंग पेरिस, नैनीताल और मुंबई में होगी। पिता कमल सूरी ने बताया कि जतिन ने शुरुआती शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल से प्राप्त की और बरेली कालेज से बीकाम किया।

दिलचस्प बात यह है कि बचपन में उन्हें अभिनय का कोई विशेष शौक नहीं था, लेकिन वर्ष 2014 में एक्टिंग के प्रति ऐसा जुनून जगा कि उन्होंने इसी क्षेत्र को अपना भविष्य बना लिया। आज वही सपना उन्हें छोटे पर्दे से बड़े पर्दे तक ले जा रहा है।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में फिर गरजेगा यूपी का नाम! ओलंपिक खेल चुकीं प्रियंका गोस्वामी से देश को स्वर्ण पदक की आस