बरेली में बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों की कुर्क संपत्तियों की फिर होगी नीलामी, रिपोर्ट का इंतजार
किसानों के बकाया भुगतान के लिए बहेड़ी चीनी मिल की कुर्क संपत्तियों की दोबारा नीलामी की तैयारी है, जिसके बाद नवाबगंज चीनी मिल की संपत्तियों की भी नीलामी होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बहेड़ी चीनी मिल की कुर्क संपत्तियों की दोबारा नीलामी तैयारी।
नवाबगंज चीनी मिल की नीलामी को पुणे रिपोर्ट का इंतजार।
किसानों के करोड़ों रुपये बकाया, ओसवाल मिल की जमीन भी नीलाम।
जागरण संवाददाता, बरेली। किसानों की 146.50 करोड़ की बकायेदार केसर चीनी मिल बहेड़ी की कुर्क संपत्तियों की दोबारा नीालमी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। तीन महीना पहले नीलामी हुई थी, लेकिन भारतीय किसान यूनियन और राजनीतिक दलों के विरोध के बाद स्थगित कर दिया गया था।
नया सर्किल रेट लागू होने के बाद अगले सप्ताह कुर्क हुई संपत्तियों की नीलामी कराने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद नवाबगंज चीनी मिल की कुर्क संपत्ति की नीलामी होगी। मिल की नीलामी के लिए बसंत दादा शुगर इंस्टीट्यूट पुणे की तकनीकी टीम की आकलन रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन ने बहेड़ी चीनी मिल की मुड़िया मुकर्रमपुर गांव में हाईवे किनारे की भूमि की तीन महीना पहले नीलामी कराई थी, लेकिन नीलामी प्रक्रिया पर सवाल उठ गए थे। जन प्रतिनिधियों और किसान नेताओं के विरोध के बाद नीलामी स्थगित कर दी गई थी।
अब नए सर्किल रेट को लागू करने के बाद दोबारा मूल्यांकन कर नीलामी कराने के लिए सात सदस्यीय टीम गठित की जा चुकी है। अगले सप्ताह नीलामी कराने की तैयारी की जा रही है।
इधर, किसानों के गन्ना मूल्य का 70 करोड़ रुपये की बकायेदार ओसवाल चीनी मिल की कुर्क की गई जमीन की भी इसी महीने नीलामी कराने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
कुछ दिनों पहले चीनी मिल बिकने की कवायद भी शुरू हुई थी, लेकिन बिक नहीं सकी थी। चीनी मिल की नीलामी की प्रक्रिया जरूर चल रही है।
बसंत दादा शुगर इंस्टीट्यूट पुणे, महाराष्ट्र की तकनीकी टीम ने तीन दिन तक चीनी मिल की मशीनरी और उपकरणों का आकलन कर लिया है।
अब उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह में रिपोर्ट आ जाएगी, इसके बाद चीनी मिल की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिहार में 3 नई चीनी मिलों का रास्ता साफ, मार्च तक शुरू होगा काम; इन जिलों को मिलेगा फायदा
