Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली की मशहूर नमकीन कंपनी में मिला 'जहर', रेड पड़ते ही सप्लायर की दुकान पर लटका ताला

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 11:47 PM (IST)

    बरेली के परसाखेड़ा स्थित आलम फूड प्रोडक्ट्स में 89 टिन एक्सपायरी पामोलीन तेल जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग अब तेल सप्लायर जय ट्रेडिंग कंपनी की जा ...और पढ़ें

    श्यामगंज बाजार में तेल ट्रेडिंग की बंद दुकान। सौ. विभाग

    श्यामगंज बाजार में तेल ट्रेडिंग की बंद दुकान। सौ. विभाग

    HighLights

    1. औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में आलम फूड्स कंपनी में पकड़ा गया था 89 टिन एक्सपायर तेल

    जागरण संवाददाता, बरेली। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आलम फूड प्रोडक्ट्स में एक्सपायरी पामोलीन तेल मिलने के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अब तेल सप्लाई करने वाले कारोबारी की जांच तेज कर दी है। विभाग की टीम जब श्यामगंज स्थित जय ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि कारोबारी कई दिनों से कार्यालय नहीं आए हैं और उनका अधिकांश कारोबार किसी अन्य स्थान से संचालित किया जा रहा है।


    खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त राहुल सिंह ने बताया कि शनिवार को आलम फूड प्रोडक्ट्स में निरीक्षण के दौरान नमकीन निर्माण के लिए रखा गया 89 टीन पामोलीन तेल बरामद हुआ था। जांच में पाया गया कि तेल की एक्सपायरी मई 2026 में ही हो चुकी थी, जबकि उसे उपयोग के लिए रखा गया था।

    विभाग ने मौके पर ही करीब 1,335 किलोग्राम एक्सपायरी पामोलीन तेल को सीज कर दिया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.96 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में फैक्ट्री संचालक ने अधिकारियों को बताया कि यह तेल निरीक्षण से करीब दो घंटे पहले ही एक थोक कारोबारी के माध्यम से पहुंचा था और खरीद का बिल भी प्रस्तुत किया गया। हालांकि बिल में बैच नंबर अंकित नहीं था।

    अधिकारियों का कहना है कि किसी भी खाद्य उत्पाद की ट्रेसिंग के लिए बैच नंबर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसके अभाव में यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि उत्पाद किस निर्माता अथवा सप्लायर से आया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि सप्लायर से संपर्क करने पर उसने बताया कि उसका स्वयं का कोई गोदाम नहीं है और उसने किसी अन्य व्यापारी से माल लेकर फैक्ट्री तक पहुंचाया था।

    खबरें और भी

    कारोबारी ने यह भी कहा कि उसके परिवार का एक सदस्य लखनऊ में है तथा परिजन के अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह शहर से बाहर है। विभाग ने उससे लिखित रूप में यह जानकारी मांगी है कि एक्सपायरी पामोलीन तेल किस स्रोत से खरीदा गया था, लेकिन अभी तक स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।

    दोनों फर्मों के दस्तावेजों और खरीद-बिक्री की जांच

    विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कारोबारी पहले अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी के नाम से कारोबार करता था और बाद में जय ट्रेडिंग कंपनी के नाम से व्यापार शुरू किया। खाद्य सुरक्षा विभाग अब दोनों फर्मों के दस्तावेजों और खरीद-बिक्री के रिकार्ड की भी जांच करेगा।

    निरीक्षण के दौरान टीम ने आलम फूड प्रोडक्ट्स से तैयार नमकीन का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एक्सपायरी तेल का उपयोग उत्पादन में हुआ था या नहीं। इसके अलावा परसाखेड़ा की एक अन्य नमकीन इकाई में भी साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया है।

    सहायक आयुक्त ने कहा कि यदि जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। एक्सपायरी पामोलीन तेल को नियमानुसार नष्ट कराया जाएगा और सप्लाई चेन की पूरी जांच की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बरेली में नमकीन फैक्ट्री पर छापा, 1335 किलो एक्सपायर्ड पाम तेल सीज, नेपाल कनेक्शन की जांच शुरू