सस्ती जमीन, भारी रोजगार: बरेली इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ₹13000/वर्गमीटर की नई दरें तय, जानें कैसे करें अप्लाई
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) पीलीभीत बाइपास रोड पर एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित कर रहा है, जहाँ उद्यमियों को ₹13,000 प्रति वर्गमीटर की दर से भूखंड मिल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
बीडीए ने भूमि क्रय के साथ विक्रय आदि पर विश्लेषण के बाद लिया निर्णय, जल्द नई दर जारी करने की तैयारी
नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। शहर के पीलीभीत बाइपास रोड पर नई आवासीय योजना के विकास के बीच बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप को भी धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है। रहपुरा जागीर समेत चार गांव में प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप के लिए मंगलवार तक 15 किसानों से पांच हेक्टेयर भूमि खरीद की प्रक्रिया पूर्ण कर ली।
अधिकारियों ने मई के अंतिम सप्ताह तक भूमि खरीद का कार्य पूर्ण करने का दावा किया। साथ ही भूमि खरीद-आंतरिक व बाहरी विकास खर्च समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के बीच उद्यमियों को आवासीय योजना से भी सस्ते दर पर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है।
बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. ने बताया कि इंडस्ट्रियल टाउनशिप में उद्यमियों-व्यापारियों को 13 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर भूखंड मिल सकेगा। इसके लिए शीघ्र ही नई दर की घोषणा की जाएगी। बताया कि, शहर में उद्यम को बढ़ावा देने को प्रस्तावित बीडीए की इंडस्ट्रियल टाउनशिप में उद्योग विभाग भी सारथी बन रहा।
इसके लिए बीडीए ने उद्योग विभाग के साथ करार की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। बताया कि, 126.30 हेक्टेयर में प्रस्तावित योजना में 30 हेक्टेयर भूमि ग्राम समाज व अन्य तरह की सरकारी भूमि आ रही। उद्योग विभाग के साथ करार होने के बाद अब यह भूमि अब बीडीए को बिना धन खर्च किए मिल सकेगा।
खबरें और भी
इंडस्ट्रियल टाउनशिप: भूखंड श्रेणियों का विवरण
| श्रेणी (Category) | जोन (Zone) | उपलब्ध भूखंड का आकार (वर्गमीटर में) |
| लॉजिस्टिक्स (Logistics) | जोन-एक | 750, 1000, 2000, 3750, 5000, 10,000 |
| वेयरहाउस (Warehousing) | जोन-दो | 750, 1000, 2000, 3750, 5000, 10,000 |
| ट्रांसपोर्ट नगर (Transport Nagar) | जोन-तीन | 750, 1000, 2000, 3750, 5000 |
| इंडस्ट्रियल (Industrial) | जोन-चार | 750, 1000, 2000, 5000, 10,000 |
इससे परियोजना के विकास पर आ रही लागत भी कम होगी और बीडीए उद्यमियों को सस्ते दर पर भूखंड उपलब्ध करा सकेगा। दावा किया कि जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह से भूखंडों का आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बताया कि केंद्र सरकार ने भी भव्य योजना के तहत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने को प्रति एकड़ एक करोड़ की सब्सिडी देने की घोषणा की है, इससे भी 300 करोड़ की सब्सिडी मिलने की संभावना है, जिसके बाद परियोजना में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा सकेगा। साथ ही बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा।
योजना के विकास पर 800 करोड़ से अधिक खर्च होने की संभावना
इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास के लिए भिटौरा नौगवां उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली, रहपुरा जागीर एवं रसूला चौधरी के 600 से अधिक किसानों से भूमि खरीद की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार भूमि अधिग्रहण के लिए 244 करोड़, योजना के बाहरी विकास को 260 करोड़ व आंतरिक विकास के लिए 215 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी।
उद्योग विभाग के साथ करार नहीं होने से पहले यहां पर 17 हजार रुपये में भूखंड तय किया गया है, उद्योग विभाग के साथ करार के बाद यह धनराशि कम हो गई है, जिसकी नई दर करीब 13 हजार संभावित की गई है।
इंडस्ट्रियल टाउनशिप में उद्यमियों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के विकास के लिए भूमि खरीद का कार्य मई में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के विकास में उद्योग विभाग भी सारथी बन रहा, जिससे उद्यमियों को सस्ते दर पर भूखंड उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह योजना बरेली की नई तस्वीर गढ़ने के साथ बड़ी संख्या में रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
- डा. मनिकंडन ए., उपाध्यक्ष बीडीए
यह भी पढ़ें- मौलाना तौसीफ हत्याकांड: बरेली जंक्शन के CCTV फुटेज में क्या दिखा? भीड़ के कारण उलझी जीआरपी की गुत्थी