मौलाना तौसीफ हत्याकांड: बरेली जंक्शन के CCTV फुटेज में क्या दिखा? भीड़ के कारण उलझी जीआरपी की गुत्थी
मौलाना तौसीफ रजा की ट्रेन से धक्का देकर हत्या के मामले में जीआरपी की चार टीमें जांच कर रही हैं। बरेली जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज में तौसीफ दिखा, लेकिन भ ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
बिहार के मौलाना की ट्रेन से धक्का देकर हत्या के राजफाश को लगीं चार टीमें
जागरण संवाददाता, बरेली। बिहार के किशनगंज के मौलाना तौसीफ रजा की ट्रेन से धक्का देकर हत्या के राजफाश के लिए जीआरपी की चार अलग-अलग टीमें लगी हुई हैं। जीआरपी ने जंक्शन पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक जगह पर तौसीफ दिखाई दिया। मगर प्लेटफार्म पर भीड़ है और होमगार्ड परीक्षा के अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी है।
तौसीफ ट्रेन के किस डब्बे में चढ़ा यह भीड़ की वजह से पता नहीं चल सका है। ऐसे में ट्रेन के अंदर किससे झगड़ा हुआ, इसका पता लगाना मुश्किल है। सोमवार देर रात एसपी जीआरपी मुरादाबाद आशुतोष शुक्ल ने जंक्शन और कैंट क्षेत्र में घटना स्थल पर जाकर निरीक्षण किया, उन्होंने थाना प्रभारी को मामले के जल्द से जल्द राजफाश के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को मौलाना की पत्नी तबस्सुम खातून के शिकायती पत्र पर जीआरपी बरेली जंक्शन थाना पुलिस ने हत्या में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। तबस्सुम का आरोप है कि 26 अप्रैल को रात 9:45 बजे उनके पति तौसीफ रजा ट्रेन नंबर 04314 योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस से बरेली जंक्शन से बिहार आ रहे थे।
इसी दौरान तौसीफ ने फोन कर कहा कि बोगी में कुछ लोग बिना वजह मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के लिए कहा। इसी दौरान उन्होंने वीडियो काल का आप्शन आन कर दिया था, जिसमें उसने अपने पति को ट्रेन में कुछ लोगों को पीटते हुए देखा था। आरोप है कि उसके पति की झगड़े के बाद ट्रेन से धक्का देकर हत्या की गई।
खबरें और भी
तौसीफ की 27 अप्रैल को कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे लाश मिली थी। पुलिस शुरुआत में इसे हादसा मान रही थी। जब पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया और मुस्लिम संगठनों ने विरोध किया तो हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जीआरपी ने जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
कई फुटेज देखने के बाद जंक्शन पर मौलाना तौसीफ ट्रेन का इंतजार करते दिख रहा है। उसके साथ में कोई नहीं है, हालांकि इस दौरान भीड़ ज्यादा है और होमगार्ड भर्ती के अभ्यर्थी भी खड़े हैं। तौसीफ इस भीड़ में ट्रेन के किस कोच में चढ़ा इसका पता नहीं चल पा रहा है।
जीआरपी थाना प्रभारी बरेली जंक्शन सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि मौलाना तौसीफ की हत्या के राजफाश के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। जंक्शन के सभी सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी देखी गई है। अभी कोई अहम सुराग नहीं मिला है।