बरेली जीआरपी ने दर्ज की FIR, बिहार के मौलाना की हत्या मामले में ऑडियो-वीडियो बनेगा मुख्य सबूत
बरेली में ट्रेन से धक्का देकर बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की हत्या के मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उनकी पत्नी ने मारपीट के दौरान की ऑडिय ...और पढ़ें

एफआईआर सौंपती मौलाना की पत्नी
HighLights
उर्स में शामिल होकर मौलाना 26 अप्रैल को रात में योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन से जा रहा थे घर
जागरण संवाददाता, बरेली। ट्रेन से धक्का देकर बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की हत्या में आखिरकार पुलिस ने एक सप्ताह बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तौसीफ की पत्नी तब्बसुम खातून ने सोमवार को जीआरपी जंक्शन थाना में प्रार्थनापत्र देकर योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन में झगड़े के दौरान पति की धक्का देकर हत्या का आरोप लगाया है। उसने एक आडियो रिकार्डिंग भी सौंपी है, जिससे झगड़े की पुष्टि हो रही है।
बिहार के किशनगंज जिला के बाखौटोलीपी भवानीगंज, थाना पाठामाड़ी ठाकुरगंज निवासी तब्बसुम सोमवार को मुस्लिम संगठनों के पदाधिकारियों के साथ जीआरपी बरेली जंक्शन थाना पहुंची। तब्बसुम ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनके पति तौसीफ रजा बरेली में ताजुश्शरिया उर्स में शामिल होकर 26 अप्रैल की रात 04314 योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन से बिहार के लिए आ रहे थे।
उनके पास सिवान तक का टिकट था। रात में 9:45 बजे पति ने उन्हें फोन किया कि ट्रेन में कुछ लोग उनके साथ बिना वजह मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरेली में किसी परिचित के पास फोन करो। कुछ देर बात के बाद फोन स्विच आफ हो गया। वह रात में एक बजे तक लगातार फोन करती रहीं, लेकिन बात नहीं हो सकी।
इस पर उन्होंने स्वजन को जानकारी दी। 27 अप्रैल की सुबह 9:30 बजे मैसेज आया तो फोन किया तो पुलिस ने उठाया। पुलिस ने नाम पता पूछने के बाद बताया कि उसके पति की तबीयत काफी खराब है। इसके बाद पुलिस ने उनके देवर रज्जाक को उनकी मृत्यु की जानकारी दी।
खबरें और भी
इस पर उनके देवर तौहीद आलम और छोटा भाई साहिल दिल्ली से बरेली पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर एंबुलेंस से शव लेकर आए। जीआरपी थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि तब्बसुम के शिकायती पत्र पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आडियो रिकार्डिंग की जांच की जा रही है।
जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है कि तौसीफ ने टिकट कहां से लिया। क्या उसके साथ कोई और भी था। जंक्शन से ट्रेन चलने के कुछ ही देर बाद किससे और किस बात पर विवाद हुआ, इसका पता किया जा रहा है।
दो मिनट 23 सेकेंड वीडियो पर देखी पति की पिटाई
तब्बसुम ने बताया कि ट्रेन में झगड़े के समय फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने पति को पुलिस को फोन करने को कहा और वीडियो काल का आप्शन चालू कर दिया। इस पर उसने देखा कि उनके पति के साथ कई लोग मारपीट कर रहे हैं। दो मिनट 23 सेकेंड तक उसने वीडियो काल पर पिटाई देखी। उसने 30 सेकेंड की आडियो भी पुलिस को सौंपी है।
नौकरी व मुआवजे की मांग की
मुस्लिम संगठनों के साथ शिकायती पत्र देने पहुंची तब्बसुम ने कहा कि उनके पति पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। ऐसे में उसे सरकारी नौकरी दी जाए और मुआवजा दिया जाए। उसने पति के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी कर सजा दिलाने की भी मांग की है।