बरेली में चार प्रवेश द्वार होंगे शिवमय, श्रद्धालुओं को मिलेगी मेडिकल कैंप से चार्जिंग हब तक की व्यवस्था
बरेली विकास प्राधिकरण ने कांवड़ यात्रा 2026 के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें सड़कों की मरम्मत, चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था शामिल है। श्रद्धालुओ ...और पढ़ें

जिले में चार प्रवेश द्वार होंगे शिवमय।
HighLights
BDA ने कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां पूरी कीं।
चार प्रवेश द्वारों को फूलों से सजाकर शिवमय बनाया।
श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल, चार्जिंग हब सहित कई सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, बरेली। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने रविवार को शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और जल निकासी जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरे कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बीडीए उपाध्यक्ष ने शाहजहांपुर रोड, बदायूं रोड, रामपुर रोड और बीसलपुर रोड सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मार्गों पर कंकड़, गिट्टी या अन्य अवरोधक सामग्री न रहे, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्माणाधीन पीलीभीत बाइपास रोड के कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने बताया कि बीडीए ने इस बार शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों को फूलों से सजाया है, वहां आकर्षक बिजली की लाइटिंग की गई है। सभी द्वारों का सुंदरीकरण कर शिवमय स्वरूप दिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए हैं।
पूरे मार्ग पर भगवान शिव के भजनों के माध्यम से आध्यात्मिक माहौल तैयार किया है। कछला की ओर से आने वाले कांवड़ियों का स्वागत बदायूं रोड स्थित तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार पर और हरिद्वार की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत रामपुर रोड स्थित अवैद्यनाथ द्वार पर किया जाएगा। यह विशेष स्वागत कार्यक्रम 16 और 17 अगस्त को श्रावण मास के तृतीय रविवार और सोमवार को आयोजित होगा।
खबरें और भी
स्वागत स्थलों और शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टायलेट, मोबाइल चार्जिंग हब, शुद्ध पेयजल और अंगवस्त्र वितरण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखी जाए और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि बीडीए का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय बनाना है, जिससे बरेली आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर व्यवस्थाओं का अनुभव हो।
यह भी पढ़ें- आईजीआरएस में बरेली रेंज के साथ 85 थानों को मिला पहला स्थान, जिले के 28 थाने फस्ट