UP Roadways: शुक्रवार रात से बदल जाएगा बरेली का रोडवेज बस रूट, जानें दिल्ली-लखनऊ और बदायूं जाने का नया रास्ता
सावन के पहले दिन शुक्रवार से बरेली में रोडवेज बसों के मार्ग बदल जाएंगे, जिससे कुछ रूटों पर दूरी और किराया बढ़ जाएगा। कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली ...और पढ़ें

बरेली सेटेलाइट बस स्टैंड
HighLights
सावन के पहले दिन से ही परिवहन निगम की बसों का बदल जाएगा मार्ग
जागरण संवाददाता, बरेली। शिवभक्ति का माह सावन शुक्रवार से आरंभ हो रहा है। कांवड़यात्रा को देखते हुए शुक्रवार से लेकर सोमवार तक बसों का रूट डायवर्जन किया जा रहा है। इसलिए सावन के पहले दिन ही रोडवेज बसों का संचालन परिवर्तित मार्ग से शुरू हो जाएगा। इससे दूरी के साथ किराया भी बढ़ जाएगा। निगम के अधिकारियों ने चालक-परिचालकों को रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देशित किया है।
कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली से दिल्ली रूट पर डायवर्जन लागू नहीं किया जाएगा। हाईवे पर एक साइड कांवड़ियों के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि दूसरी साइड से सामान्य वाहनों का आवागमन होता रहेगा। डायवर्जन की अवधि में पुराना बस अड्डा से चलने वाली बसें पटेल चौक, चौकी चौराहा, बियाबानी कोठी, मालियों की पुलिया, सेटेलाइट से बड़ा बाइपास होकर आगे जाएंगी। इसी मार्ग से उनकी वापसी भी होगी।
सबसे ज्यादा कांवड़िये गंगाजल लेने बदायूं जिले के कछला गंगा घाट पर पहुंचते हैं, इसलिए बरेली-बदायूं रूट पर सावन में हर सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक रूट डायवर्जन लागू होगा। बदायूं की तरफ जाने वाली बसें इन्वर्टिस तिराहा से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज से पापड़ हमजापुर, मूसाझाग होते हुए बदायूं जाएंगी और इसी मार्ग से वापसी होगी।
बरेली से बदायूं की दूरी 50 किमी है। बरेली से रामगंगा, देवचरा, भमोरा, बिनावर होते हुए बसें निकलती हैं। रूट डायवर्जन लागू हो जाने के बाद इन्वर्टिस तिराहा से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज से पापड़ हमजापुर, मूसाझाग होते हुए बदायूं पहुंचने पर दूरी 105 किमी हो जाएगी। दूरी के हिसाब से किराया भी बढ़ जाएगा।
खबरें और भी
दिल्ली की ओर जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर, इन्वर्टिस तिराहा बाइपास होकर आगे जाएंगी। लखनऊ की ओर जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर, फरीदपुर होते हुए निकलेंगी। एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार बाजपेई ने बताया कि रूट डायवर्जन के संबंध में संबंधित चालक-परिचालको को निर्देशित कर दिया गया है।
बदायूं रोड पर चलते रहेंगे हल्के वाहन
कांवड़ यात्रा के चलते बरेली-बदायूं रोड पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया है, लेकिन हल्के वाहन चलते रहेंगे। एनएचएआइ बदायूं के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। एक साइड से कांवड़ियां निकलेंगे। दूसरी साइड से हल्के वाहन निकलते रहेंगे। बरेली से बदायूं के बीच चार स्थानों पर अवरोध थे, उन्हें दूर करा दिया गया है। कांवड़ यात्रा में कोई दिक्कत नहीं आएगी।