बरेली: रोडवेज बस स्टैंड ने दबा ली नगर निगम की 15 फीट जमीन, 100 साल पुराने नक्शे ने खोला 'कब्जे' का राज
बरेली में परिवहन निगम ने नगर निगम की 15 फीट जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसका खुलासा 100 साल पुराने मानचित्र की जांच में हुआ है। नगर निगम ने रोडवेज ...और पढ़ें

शाहजहांपुर रोड स्थित सिंधु नगर गेट के पास पैमाइश करते निगम कर्मचारी। सौ. निगम
HighLights
मानचित्र में 43 फीट चौड़ी सड़क, मौके पर सिर्फ 28 फीट ही मिली, पार्षद की शिकायत पर हुई जांच
जागरण संवाददाता, बरेली। सिंधु नगर गेट के पास नगर निगम की भूमि पर परिवहन निगम ने 15 फीट तक भूमि का कब्जा कर लिया है। यह कब्जा तब सामने आया जब बुधवार को रोडवेज की ओर से बनाई गई दीवार गिरने के बाद शुक्रवार को नगर निगम की टीम पार्षद के शिकायत पर जांच को पहुंची।
निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों-अभियंताओं की संयुक्त जांच में 43 फीट चौड़े रास्ते के बजाय सिर्फ 28 फीट ही छोड़कर दीवार निर्माण मिला। ईसाइयों की पुलिया से मौर्य मंदिर की ओर 190 मीटर की दूरी तक परिवहन निगम का कब्जा सामने आया।
इसके बाद नगर निगम ने क्षतिग्रस्त दीवार के साथ अन्य हिस्से को तत्काल खाली कराने की चेतावनी जारी कर दी। साथ ही रोडवेज की ओर से बनने वाली दीवार को नगर निगम की भूमि को छोड़कर निर्माण करने को कहा है।
ईसाइयों पुलिया-सिंधु नगर गेट के पास बुधवार को रोडवेज विभाग की जर्जर 20 फीट ऊंची दीवार स्वत: गिर गई। दीवार गिरने से कई लोग चपेट में आकर घायल भी हो गए थे। साथ ही एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। सबसे व्यस्ततम मार्गों शामिल इस रोड के किनारे बनी 20 फीट ऊंची दीवार के गिरने के बाद लोग आक्रोशित हो उठे।
खबरें और भी
पार्षद छंगामल मौर्य, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा आदि ने नगर आयुक्त से रोडवेज द्वारा बनाई गई दीवार की विस्तृत जांच कराने की मांग कर दी। इस पर शुक्रवार को नगर निगम निर्माण, राजस्व विभाग की टीम ने परिवहन निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में संबंधित भूमि की पैमाइश की।
नगर निगम की वर्ष-1921-1922 में बनी मानचित्र में 43 फीट चौड़ी सड़क मौके पर सिर्फ 28 फीट ही मिली। अन्य हिस्सा रोडवेज बस स्टैंड परिसर में शामिल कर लिया है। साथ ही कई अन्य निजी कब्जेदार भी सामने आए। इस पर नगर निगम ने परिवहन निगम को नई दीवार बनाने से पहले सभी कब्जे तत्काल नहीं हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दे दी।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि, ईसाइयों की पुलिया से मौर्य मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर 190 मीटर की दूरी में सड़क पर 15 फीट तक सड़क पर कब्जा पाया गया।
इस पर संबंधित जिम्मेदारों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच टीम ने संभावना जताई है कि मौर्य मंदिर के पास भी कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जल्दी ही विस्तृत जांच कराने की बात कही।