बरेली कॉलेज में नकल का 'पहाड़': छात्र की जेब से निकले गैस पेपर के 26 पन्ने, उड़न दस्ते के भी उड़े होश
बरेली कॉलेज में स्नातक परीक्षा के दौरान एक छात्र 26 पन्नों के गैस पेपर के साथ नकल करते पकड़ा गया। इसी दौरान परीक्षा ड्यूटी को लेकर दो शिक्षकों के बीच ...और पढ़ें

रुहेलखंड विश्वविद्यालय
HighLights
बरेली कालेज में निरीक्षण के दौरान स्नातक के छात्र पर हुई कार्रवाई
जागरण संवाददाता, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से इन दिनों स्नातक की परीक्षाएं अलग-अलग केंद्रों पर कराई जा रही हैं। प्रमुख केंद्रों में से एक बरेली कालेज में सोमवार को स्नातक की परीक्षा कराई जा रही थी, जिसमें एक छात्र नकल करते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 26 पन्ने जब्त किए गए हैं।
वहीं, शाम की पाली में दो शिक्षकों के बीच झड़प हो गई, जिससे गहमागहमी का माहौल बन गया। चीफ प्राक्टर प्रो. इंदीवर सिंह चौहान ने बताया, परीक्षाएं तीन पालियों में, सुबह आठ से 11 बजे, दोपहर 12 से दो बजे और अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक कराई जा रही हैं।
परीक्षा के दौरान प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने सभी कक्षों में निरीक्षण किया। पहली पाली में कक्ष संख्या आठ में बीए द्वितीय सेमेस्टर के एक छात्र की गतिविधि संदिग्ध मिली, वह गैस पेपर के एक पन्ने से नकल कर रहा था।
इसके बाद गहनता से जांच की गई तो उसकी पेंट की जेब से 26 पन्ने मिले, ऐसे में छात्र की उत्तरपुस्तिका और नकल सामग्री जब्त कर सूचना विश्वविद्यालय भेजी गई। पहली पाली में 1682, दूसरी में 670 और तीसरी पाली में 1628 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
खबरें और भी
पश्चिमी गेट से ही प्रवेश लें छात्र
कालेज में चल रहीं परीक्षाओं के चलते जिन छात्र-छात्राओं को आवेदन पत्र से संबंधित कार्य है, वे केवल पश्चिमी गेट से ही प्रवेश ले सकेंगे। परीक्षाओं के दौरान महाविद्यालय में किसी भी विभाग में कोई कार्यक्रम, मिडटर्म परीक्षा और प्रयोगात्मक परीक्षा प्रस्तावित होती है, तो उसकी पूर्व सूचना संबंधित विभागीय प्रभारी स्तर से प्राचार्य और चीफ प्राक्टर को दी जाए।
समय से नहीं पहुंच रहे कक्ष निरीक्षक
सुबह की पाली में बीते दिनों की तरह फिर से कक्ष निरीक्षक कम होने की समस्या सामने आई। लगभग 35 शिक्षक सुबह की ड्यूटी से नदारद रहे, ऐसे में कर्मचारियों को परीक्षा करानी पड़ी। बीते दिनों भी इस तरह की समस्या आई थी, जिसके बाद प्राचार्य ने सख्ती करने के निर्देश दिए। उसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो सका है।
तीसरी पाली में आमने-सामने आए शिक्षक
कालेज में तीसरी पाली की परीक्षा के दौरान कामर्स विषय के शिक्षक आलोक कुनाल और भूगोल के शिक्षक सीताराम एक ही कक्ष में ड्यूटी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद आलोक कुनाल किसी कार्य से कक्ष से बाहर चले गए, जब वह लौटकर आए तो अधिकतर परीक्षार्थी जा चुके थे।
आलोक के देरी से आने पर कंट्रोल रूम में दोनों शिक्षकों के बीच जमकर बहस हुई, विवाद बढ़ा तो वरिष्ठ शिक्षकों ने बीच बचाव किया। केंद्र अधीक्षक प्रो. आनंद लखटकिया ने कहा, परीक्षा के बाद दोनों शिक्षकों के बीच कुछ अनबन हुई थी। वार्ता करके प्रकरण सुलझा दिया है।