Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जूते में छिपाया 'नकल का जखीरा': बरेली कॉलेज में छात्र की चालाकी फेल, ऐसे पकड़ी गई 7 पर्चियां

    Updated: Thu, 30 Apr 2026 06:28 AM (IST)

    रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षाएं बरेली कॉलेज में शुरू हुईं, जहां पहले ही दिन नकल करते हुए तीन छात्र पकड़े गए। एक छात्र जूते में सात पर्चियां ...और पढ़ें

    रुहेलखंड व‍िश्‍वव‍िद्यालय

    रुहेलखंड व‍िश्‍वव‍िद्यालय

    HighLights

    1. पहली पाली में पंजीकृत 1668 में से 1601 ने दी परीक्षा, 67 रहे गैरहाजिर

    जागरण संवाददाता, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर सत्र 2025-26 की परीक्षाएं बुधवार से अलग-अलग केंद्रों पर शुरू हुईं। बरेली कालेज में पहले दिन तीन नकलची पकड़े गए, वहीं डेढ़ घंटे देरी से पहुंचने पर कक्ष में प्रवेश का प्रयास कर रहे छात्र को वापस भेजा गया। इसमें एक नकलची जूते के अंदर सात पर्चियां रखकर लाया था, जिसके बाद उत्तरपुस्तिका और नकल सामग्री जब्त की गई।

    आगे की कार्रवाई के लिए सूचना विश्वविद्यालय भेजी गई है। चीफ प्राक्टर प्रो. इंदीवर सिंह चौहान के अनुसार, परीक्षाएं तीन पालियों में, सुबह आठ से 11 बजे, दोपहर 12 से दो बजे और अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक कराई जा रही हैं। इसकी पहली पाली में 1668 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 1601 परीक्षा देने पहुंचे।

    परीक्षा के दौरान प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने सभी कक्षों में निरीक्षण किया, जहां एक कमरे में दो छात्र उत्तर लिखे प्रश्नपत्र का आदान-प्रदान कर रहे थे। ऐसे में दोनों की उत्तरपुस्तिका और नकल सामग्री जब्त कर ली गई।

    वहीं, दूसरे कक्ष में एक छात्र की गतिविधि संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई तो उसके पास से एक पर्ची मिली। शक होने पर शिक्षकों ने गहन जांच की तो उसके जूते से सात पर्चियां जब्त की गईं। उत्तरपुस्तिका और पर्चियां जब्त कर कार्रवाई के लिए सूचना विश्वविद्यालय भेजी गई।

    कक्ष में घुसने का किया प्रयास, वापस भेजा गया

    पहली पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से शुरू हुई, तभी करीब डेढ़ घंटे बाद एक छात्र कक्ष संख्या 89 में पहुंचा। जहां वह देरी से आने पर अलग-अलग तर्क देकर कक्ष में प्रवेश करने का प्रयास करता रहा। इस पर प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने देरी से आने पर उसे वापस कर दिया।

    खबरें और भी

    परीक्षा से जुड़े कार्य के लिए छात्रों को पश्चिमी गेट से मिलेगा प्रवेश

    कालेज में चल रहीं परीक्षाओं के संबंध में प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने निर्देश जारी किए। इसमें जिन छात्र-छात्राओं को परीक्षा आवेदन पत्र जमा करना हो, वे केवल पश्चिमी गेट से ही प्रवेश ले सकेंगे।

    परीक्षाओं के दौरान महाविद्यालय में किसी भी विभाग में कोई कार्यक्रम, मिडटर्म परीक्षा और प्रयोगात्मक परीक्षा प्रस्तावित होती है, तो उसकी पूर्व सूचना संबंधित विभागीय प्रभारी स्तर से प्राचार्य और चीफ प्राक्टर को दी जाए। परीक्षाओं के संचालित कक्षाओं में पठन-पाठन के दौरान छात्र-छात्राओं का मोबाइल लाना प्रतिबंधित है।

    यह भी पढ़ें- बरेली कॉलेज में मची खलबली! जब गेट पर कुर्सी डालकर बैठ गए प्राचार्य, जानिए क्या है पूरा मामला