Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आधी रात को बरेली में 'गैंगवार' जैसे हालात: SOG टीम को चोर समझकर गांव वालों ने घेरा, जान बचाकर भागे सिपाही

    Updated: Fri, 23 Jan 2026 01:38 AM (GMT+05:30)

    बरेली में चोरी की बैटरी पकड़ने गई एसओजी टीम पर हमला हुआ। फरीदापुर इनायत खां गांव के पास एक डंपर चालक ने सिपाही पर डंडे से वार किया और 'चोर' बताकर ग्रा ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    HighLights

    1. बड़ा बाईपास के पास टीम ने चेकिंग के दौरान रुकवाया था ट्रक

    2. पीछे से आए डंपर चालक ने डंडे से किया प्रहार, गांव से बुलाई भीड़

    जागरण संवाददाता, बरेली। चोरी की बैट्रियां पकड़ने पहुंची एसओजी पर गुरुवार रात हमला कर दिया गया। टीम ने फरीदापुर इनायत खां गांव जाने वाले रास्ते पर बैट्री लदा ट्रक रुकवा लिया था मगर, उसके पीछे आए डंपर का चालक हमलावर हो गया। उसने सिपाही पर डंडे से प्रहार किया, फिर गांव से दर्जनों की भीड़ बुला ली।

    चोर आने की अफवाह फैलाकर भीड़ एसओजी के सिपाहियों पर हमलावर रही। आधा घंटा अफरातफरी के बीच दो थानों की फोर्स पहुंची, तब एसओजी को भीड़ से छुड़ाया जा सका। देर रात बैट्रियां लदे ट्रक के चालक समेत आधा दर्जन को पुलिस ने पकड़ लिया था। एसओजी-द्वितीय को सूचना मिली थी कि बड़ा बाईपास के पास चोरी की बैट्रियां लेकर ट्रक जा रहा है।

    इसी आधार पर रात 10.30 बजे एसओजी प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा को सूचना देकर चार सिपाही छापेमारी करने पहुंच गए थे। पुलिस के अनुसार, टीम ने बैट्री लदे ट्रक को फरीदापुर इनायत खां गांव जाने वाले रास्ते पर रुकवा लिया था। उसी दौरान ट्रक के पीछे खाली डंपर आ रहा था। सादा कपड़ों में ट्रक को रुकवाए खड़े सिपाहियों को देखकर डंपर चालक ने अभद्रता शुरू कर दी कि रास्ता क्यों रोक दिया।

    एसओजी के सिपाहियों ने परिचय दिया, इसके बावजूद वह उग्र हो गया। उसने डंपर से डंडा निकालकर सिपाही मधुर के सिर में मार दिया। अन्य सिपाही जवाबी कार्रवाई करते, इससे पहले बैट्री लदे ट्रक का चालक भागने लगा। दो सिपाही उसे पकड़ने के लिए दौड़े, शेष दो सिपाहियों की डंपर चालक से विवाद होने लगा।

    खबरें और भी

    इस बीच डंपर चालक ने फोन कर गांव से भीड़ बुला ली जोकि चारों सिपाहियों को घेरकर पीटने लगी। स्थिति अनियंत्रित होती देख सिपाहियों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि हमला हो गया है। इसके बाद कैंट व बिथरी चैनपुर थाने से फोर्स पहुंची, तब सिपाहियों को बचाया जा सका।

    इस बीच हमलावर भाग गए। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बैट्री चोरी पकड़ने गई एसओजी के सिपाही के सिर पर डंपर चालक ने डंडा मार दिया था। आधा दर्जन हमलावरों को पकड़ा गया है, उनसे पूछताछ की जा रही।

     

    यह भी पढ़ें- बरेली कॉलेज में पर्दे सिर्फ दिखावा? छात्राओं के साथ जो हुआ उसने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल