अब सिर्फ चंद घंटों में दिल्ली-नोएडा! बरेली एयरपोर्ट से जून में शुरू हो रही हैं नई उड़ानें, देखें पूरा रूट चार्ट
बरेली हवाई अड्डे से दिल्ली और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए नई उड़ानें जल्द शुरू होंगी। डीजीसीए की अनुमति के बाद दिल्ली के लिए 2 जून से और जेवर के लिए ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
तीन दिन दिल्ली और चार दिन नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए होगी फ्लाइट, जल्द जारी होगा शेड्यूल
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली के लोगों का दिल्ली की हवाई यात्रा का लंबे समय से इंतजार अब खत्म हो जाएगा। दिल्ली के साथ ही नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए भी फ्लाइट का संचालन होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। दिल्ली के लिए दो जून से और जेवर एयरपोर्ट के लिए 30 जून से फ्लाइट का प्रस्ताव है। नगर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से अनुमति मिल गई है। डीजीसीए जल्द ही दोनों फ्लाइट का शेड्यूल जारी करेगा।
अभी बरेली से बेंग्लुरु और नवी मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट है। लोग लंबे समय से दिल्ली की फ्लाइट की मांग कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले नोएडा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ है। यहां से 15 जून से हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही बरेली के लिए भी फ्लाइट संचालन की उम्मीद बढ़ गई थी। बरेली एयरपोर्ट के अधिकारियों की ओर से नोएडा और दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई थी। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से सर्वे भी किया गया।
इसके बाद प्रस्ताव बनाकर डीजीसीए को भेजा गया। डीजीसीए की ओर से दिल्ली और नोएडा के लिए फ्लाइट चलाने की अनुमति मिल गई है। दोनों जगह इंडिगो का 78 सीटर एटीआर-72 उड़ान भरेगा। दिल्ली के लिए दो जून से फ्लाइट संचालन का प्रस्ताव है। यहां के लिए तीन दिन फ्लाइट होगी।
खबरें और भी
इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट के लिए 30 जून से फ्लाइट संचालन का प्रस्ताव है। यहां के लिए चार दिन फ्लाइट होगी। दिल्ली और जेवर के लिए किस-किस दिन उड़ान होगी और उड़ान का समय कब होगा इसका शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि शेड्यूल भी जल्द जारी होने की उम्मीद है।
दो साल पहले बंद हो गई थी दिल्ली की उड़ान
बरेली से दिल्ली के लिए रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत शुरू हुई थी। एलायंस एयर के साथ अनुबंध हुआ था। विमान कंपनी की सेवाएं बेहतर न होने और टाइमिंग ठीक न होने की वजह से दिल्ली के लिए यात्री कम मिले थे।
इसकी वजह से दो साल पहले अप्रैल में फ्लाइट का संचालन बंद कर दिया गया था। अब दो साल बाद फिर से दिल्ली की उड़ान की उम्मीद जगी है। इससे बरेली के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
अब नवी मुंबई की फ्लाइट भी जाने लगी फुल
बरेली से अभी नवी मुंबई और बेंग्लुरु की फ्लाइट का संचालन होता है। 30 मार्च से मुंबई की जगह नवी मुंबई के लिए फ्लाइट का संचालन शुरू हुआ था। शुरुआत में नई जगह होने की वजह से यात्रियों की संख्या कम हो गई थी।
फ्लाइट 80 प्रतिशत ही फुल जा रही थी। अब एक महीने बाद इसमें भी सुधार हो गया है। अब इंडिगो की 186 सीटर फ्लाइट लगभग फुल जा रही है।
दिल्ली और नोएडा के लिए जून में इंडिगो की फ्लाइट के संचालन का प्रस्ताव है। तीन दिन दिल्ली और चार दिन नोएडा के लिए फ्लाइट होगी। दोनों फ्लाइट का शेड्यूल जल्द जारी होगा।
- अवधेश अग्रवाल, निदेशक, बरेली एयरपोर्ट
यह भी पढ़ें- सस्ती जमीन, भारी रोजगार: बरेली इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ₹13000/वर्गमीटर की नई दरें तय, जानें कैसे करें अप्लाई