बरेली के मशहूर समोसे में निकला प्लास्टिक! खाते ही जा सकती थी जान, प्रशासन ने लिया कड़ा एक्शन
बरेली में एक समोसे में प्लास्टिक जैसे अंश मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। दीपक स्वीट्स एंड आइसक्रीम प्रा.लि. के खिलाफ शिक ...और पढ़ें

समोसे में प्लास्टिक मिलने की शिकायत पर नमूना भरते अधिकारी।
जागरण संवाददाता, बरेली। समोसे में पालीथिन जैसे प्लास्टिक के अंश मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। शिकायतकर्ता देश दीपक गंगवार की ओर से दीपक स्वीट्स एंड आइसक्रीम प्रा.लि., सिविल लाइंस स्थित प्रतिष्ठान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर गठित टीम के सदस्य इन्द्रजीत सिंह और अनिल प्रताप सिंह ने तीन फरवरी की अपराह्न प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। मौके पर शिकायतकर्ता और प्रतिष्ठान के स्वामी अतुल कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने समोसे और उपयोग किए जा रहे घी के नमूने संग्रहित किए।
विभाग ने बताया कि एकत्रित नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश की प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त किया।
अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध लगे, तो तत्काल विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।