Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली के इन 43 पॉइंट्स पर है 'मौत' का खतरा, अगर आप भी निकलते हैं नेशनल हाईवे से तो जरूर पढ़ें ये खबर

    Updated: Tue, 03 Feb 2026 07:26 AM (IST)

    बरेली पुलिस ने 'जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट' पहल के तहत 43 अवैध कट और 59 टी/वाई प्वाइंट चिह्नित किए हैं। एसएसपी ने इन्हें बंद करने और सुधारने के लिए डीए ...और पढ़ें

    अवैध कट से गुजरते लोग

    अवैध कट से गुजरते लोग

    HighLights

    1. अवैध कट बंद करने और टी वाई प्वाइंट पर सुधार के लिए डीएम को भेजी रिपोर्ट

    2. जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के तहत पुलिस ने चिह्नित किए हैं स्थान, 81 होल्डिंग एरिया बनाए

    जागरण संवाददाता, बरेली। जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के तहत पुलिस हादसों का कारण बनने वाले स्थानों को चिह्नित कर रही है। अब तक पुलिस ने जिले में नेशनल और स्टेट हाईवे पर 43 अवैध कट और 59 टी और वाई प्वाइंट चिह्नित किए हैं। अवैध कटों को बंद करने और टी और वाई प्वाइंट पर सुधार के लिए एसएसपी अनुराग आर्य की ओर से डीएम अविनाश सिंह को रिपोर्ट भेज दी गई है। पुलिस ने हादसों को रोकने के लिए 81 होल्डिंग एरिया भी चिह्नित किए हैं और सीसी टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

    वर्ष 2020 से 2030 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को 50 प्रतिशत कम करने के उद्देश्य से देश में सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और सेव लाइफ फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2023 एवं 2024 के सड़क हादसों का एक अध्ययन किया गया। इसमें देश में सड़क हादसों में होने वाली सर्वाधिक मृत्यु वाले 100 जिलों को चिह्नित किया गया था।

    इनमें यूपी के 20 जिले हैं, जिनमें बरेली प्रदेश में 11वें और देश में 43वें स्थान पर था। इन सभी जिलों को टारगेट कर फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेडएफडी) नाम दिया गया। प्रत्येक जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट में क्रिटिकल कॉरिडोर का चिह्नीकरण कर कार्य योजना तैयार की गई। इसी योजना के तहत जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए 17 थानों में 22 क्रिटिकल कारिडोर चिह्नित किए गए हैं।

    22 क्रिटिकल कारिडोर यानी सीसी टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उप निरीक्षक और चार सिपाही रखे गए हैं। ये टीमें प्रवर्तन के तहत क्रिटिकल स्थानों पर वाहन खड़े होने पर कार्रवाई कर रही हैं। इसके अलावा हादसा होने पर जांच कर हादसे की समीक्षा कर कारणों की रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।

    खबरें और भी

    दो या दो से अधिक मौत वाले 180 स्थान

    जिले में दो साल में सड़क हादसे में दो या दो से अधिक मौत वाले 180 क्रिटिकल क्रैश लोकेशन चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर पिछले तीन महीने से लगातार कार्रवाई की जा रही है। थानों की सीसी टीमों की ओर से अब तक 43 अवैध कट और दुर्घटना संभावित 59 टी और वाई प्वाइंट्स चिह्नित किए हैं।

    इसके अलावा रात में नेशनल और स्टेट हाईवे पर अव्यवस्थित एवं खतरनाक तरीके से पार्क किए गए वाहनों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से पार्क करने के लिए मार्गों के किनारे 81 होल्डिंग एरिया चिह्नित किए गए हैं। वहीं 93 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जहां पर ट्रैफिक संकेतक नहीं लगे थे।

    इनकी रिपोर्ट भी संबंधित विभाग को भेजी गई है। सीसी टीम की लगातार कार्रवाई से वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में जिले में पिछले तीन महीने में सड़क दुर्घटनाओं में 23.53 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 31.81 प्रतिशत एवं घायलों की संख्या में 20.79 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

    तीन महीने से लगातार किए जा रहे चालान

    जिले में पहले कई सड़क हादसों का कारण विपरीत दिशा से वाहन चलाना रहा है। इस ओर विशेष सतर्कता बरती गई। इसके लिए लोगों को जागरूक किया गया और पिछले तीन महीने में 1992 चालान केवल विपरीत दिशा से चलने वालों के विरुद्ध किए गए हैं। इसके अलावा बिना हेलमेट के वाहन चलने वालों के विरुद्ध 2678, नो पार्किंग या अवैध पार्किंग के लिए 3211, ओवरस्पीडिंग के लिए 510, ड्रंकन ड्राइविंग में 269 और तीन सवारी पर 647 चालान किए गए।

     

    जेडएफडी के तहत नेशनल और स्टेट हाईवे पर 43 अवैध कट और 59 टी वाई प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। अवैध कट बंद करने और टी वाई प्वाइंट पर सुधार के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। इसके अलावा सीसी टीमें प्रवर्तन की कार्रवाई कर रही हैं।

    - मो. अकमल खान, एसपी ट्रैफिफ


    यह भी पढ़ें- बरेली से उत्तराखंड जाना अब और भी आसान, 450 करोड़ के इस प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार; जानें क्या है नया प्लान