होली पर घर जाने वालों की निकल पड़ी! बरेली से मुंबई के बीच शुरू हुई 'खास' ट्रेन, आसान होगा 1600 किमी का सफर
बरेली से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच से चलेगी, जिससे 1600 किमी का सफर आरामदायक और सुरक्षित होगा। यह बरेली जंक्शन से एलएचबी क ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू होंगी होली स्पेशल ट्रेनें
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली और मुंबई के बीच 16 सौ किलोमीटर का रेल सफर अब आरामदायक के साथ सुरक्षित भी होगा। बरेली से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली साप्ताहिक 14314 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस शनिवार से एलएचबी (लिंक हाफमन बुश) कोच से संचालित होगी। बरेली जंक्शन से एलएचबी कोच से चलने वाली यह दूसरी ट्रेन होगी। इससे पहले आला हजरत एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाए गए हैं।
बरेली जंक्शन से अप और डाउन की 99 जोड़ी ट्रेनें चलती हैं। इनमें बरेली से बनकर 11 ट्रेनें चलती हैं। इसके अलावा 88 जोड़ी ट्रेनें दूसरे स्टेशनों से चलती हैं और बरेली जंक्शन से होकर गुजरती हैं। इनमें सात ट्रेनें रन थ्रू गुजरती हैं, जिनका स्टापेज बरेली जंक्शन पर नहीं है, इसके अलावा अन्य सभी ट्रेनें रुकती हैं।
जंक्शन से चलने वाली आला हजरत एक्सप्रेस को आइसीएफ (इंटीग्रल कोच फैक्ट्री) से एलएचबी कोच में बदलकर पहले से ही चलाया जा रहा है। अब लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस भी शनिवार से एलएचबी कोच से शुरू हो जाएगी।
यह ट्रेन सप्ताह में बरेली से प्रत्येक शनिवार को सुबह 11:25 बजे चलकर दूसरे दिन शाम 4:15 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर पहुंचती है। वहीं मुंबई से ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को चलती है और दूसरे दिन बरेली जंक्शन पर दोपहर 3:20 मिनट पर पहुंचती है।
एलएचबी कोच होते हैं सुरक्षित
आइसीएफ कोच की तुलना में एलएचबी कोच आरामदायक के साथ सुरक्षित होते हैं। एलएचबी कोच स्टील के होने की वजह से हल्के भी होते हैं और यह एंटी क्लाइंबिंग फीचर के कारण सुरक्षित होते हैं। किसी भी हादसे में ये कोच एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते हैं। इसके अलावा एयर स्प्रिंग सस्पेंशन और बेहतर शाक एब्जार्बर की वजह से इसमें झटके भी कम लगते हैं। इसमें यात्रियों की क्षमता में वृद्धि होती है।
खबरें और भी
होली पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लगातार स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की जा रही है। इसमें बरेली से चलने वाली ट्रेनें भी होंगी। अमृतसर-बढ़नी साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 से 26 मार्च तक चलेगी।
गोमतीनगर-खातीपुरा होली स्पेशल ट्रेन गोमतीनगर से प्रत्येक मंगलवार 3 से 24 मार्च तक और खातीपुरा से प्रत्येक बुधवार को 4 से 25 मार्च तक चलेगी। इसका बरेली जंक्शन पर भी ठहराव होगा। इसके अलावा लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को 1 से 29 मार्च तक लालकुआं से और प्रत्येक सोमवार को राजकोट से 2 से 30 मार्च तक चलेगी।
यह बरेली जंक्शन के अलावा बरेली सिटी, इज्जतनगर, भोजीपुरा समेत अन्य स्टेशनों पर भी रुकेगी। इसके अलावा मऊ-अंबाला छावनी स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को मऊ से 5 से 26 मार्च तक और अंबाला छावनी से प्रत्येक शुक्रवार को 6 से 27 मार्च तक चलेगी। इसके अलावा भी अन्य ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है।
बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस शनिवार से एलएचबी कोच से संचालित होगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। एलएचबी कोच से यात्रियों का सफर आरामदायक और सुरक्षित होगा।
- भानु प्रताप सिंह, स्टेशन अधीक्षक बरेली जंक्शन
यह भी पढ़ें- बरेली-मथुरा मार्ग पर बड़ा अपडेट: 6-लेन के प्रस्ताव पर सरकार ने फेरा पानी, जानें क्या है नया प्लान