Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bareilly-Lalitpur Corridor: अब बरेली से झांसी का सफर होगा सुपरफास्ट, गंगा और यमुना एक्सप्रेस-वे का भी मिलेगा साथ

    Updated: Thu, 12 Feb 2026 07:00 AM (IST)

    योगी सरकार के बजट में बरेली-आगरा-झांसी-ललितपुर कॉरिडोर को हरी झंडी मिली है। यह कॉरिडोर शामली-गोरखपुर, गंगा और यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा, जिससे उत् ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    HighLights

    1. शामली-गोरखपुर हाईवे के साथ ही गंगा और यमुना एक्सप्रेस-वे से भी रहेगा जुड़ाव

    2. बरेली से कासंज होकर आगरा तक उच्चीकरण की एनएचएआइ को मिली जिम्मेदारी

    जागरण संवाददाता, बरेली। योगी सरकार के बजट में हाईवे और एक्सप्रेस-वे के साथ छह नए कारीडोर को दी गई हरी झंडी से रुहेलखंड भी लाभान्वित होगा। बरेली-आगरा-झांसी से ललितपुर तक प्रस्तावित कारीडोर से उत्तर से दक्षिण तक सड़क मार्ग से आवागमन सुगम हो जाएगा। खास बात यह होगी कि इस कारीडोर से शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे, गंगा और यमुना एक्सप्रेस-वे का भी सीधा जुड़ाव हो जाएगा।

    लखनऊ और दिल्ली से बरेली नेशनल हाईवे से सीधा जुड़ा हुआ है। उत्तराखंड तक जुड़ाव के लिए बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे का निर्माण कराया जा रहा है। बरेली से पीलीभीत के बीच 50 प्रतिशत काम भी हो चुका है। अभी तक कोई एक्सप्रेस-वे नहीं मिल सका है। इसकी कमी पूरी करने के लिए शामली-गोरखपुर ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

    जिले की नवाबगंज और बहेड़ी तहसील क्षेत्रों से निकाला जा रहा है। अब प्रस्तावित प्रदेश का पांचवा कारीडोर बरेली-आगरा-झांसी से ललितपुर तक बन जाएगा। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बरेली में यह कारीडिोर शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे जुड़ जाएगा, जबकि बदायूं में बिनावर के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे से सीधा जुड़ाव हो जाएगा।

    मथुरा में यह कारीडोर यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा। माना जा रहा है कि कारीडोर विकसित होने से मार्ग में आने वाले जिलों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। हालांकि इस कारीडोर के संबंध में एनएचएआइ के परियोजना निदेशक नवरत्न और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता अजय कुमार का कहना है कि यह प्रस्ताव उनके विभाग की ओर से नहीं किया गया है।

    खबरें और भी

    बता दें कि पिछली साल जिले में सड़क और पुलिया का निर्माण कराने के लिए 2500 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए थे, जिनमें से 318 करोड़ का बजट ही आवंटन हुआ। इसमें नवीन सड़कों के निर्माण के साथ सड़कों का मरम्मत कार्य भी शामिल रहा। इस बार 2700 करोड़ के प्रस्ताव भेजे गए हैं, जिनमें सेटेलाइट से बैरियर टू तक सिक्सलेन के लिए 206 करोड़ का प्रस्ताव शामिल है।

    हालांकि अब इसे आठ लेन का बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नाथ कारिडोर में तपेश्वर नाथ मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कराने के लिए अंडरपास बनवाने का 54 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी शामिल है। रेलवे यार्ड से होकर बनने वाले अंडरपास और सड़क चौड़ीकरण कराया जाना है। इसके अलावा बरेली-बीसलपुर रोड का चौड़ीकरण कराने की 500 करोड़ की परियोजना भी प्रस्तावित है। विधानसभा क्षेत्रों के भी प्रस्ताव वरीयता पर भेजे गए हैं। जिले को इस बार पिछली साल से ज्यादा बजट मिलने की संभावना जताई जा रही है।


    यह भी पढ़ें- 824 करोड़ का प्रोजेक्ट: 4 आरओबी और 11 पुल; बरेली की 29 किमी लंबी रिंग रोड का पूरा खाका तैयार, जानें कब तक होगा काम पूरा