यूपी नगर निकाय: बरेली में अब और मजबूत होगी भाजपा, शासन ने जारी की पार्षदों की लिस्ट; सदन में बढ़ जाएगा पार्टी का दबदबा!
शासन ने बरेली नगर निगम के लिए 10 नामित पार्षदों की सूची जारी की है, जिससे शहर की सरकार में भाजपा का प्रभाव और बढ़ गया है। अब 80 सदस्यीय बोर्ड में भाजप ...और पढ़ें

बरेली नगर निगम
HighLights
सोमवार देर शाम शासन ने जारी की सूची, नगर की सरकार में बढ़ा भाजपा का कद
80 सदस्यीय नगर निगम बोर्ड में 52 भाजपा के, अब संख्या बढ़कर पहुंचेगी 62
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर की सरकार में सोमवार को भाजपा का कद और बढ़ गया। शासन ने देर शाम नामित पार्षदों की घोषणा कर दी गई। इसमें जनप्रतिनिधियों के चहेतों के साथ संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ताओं को भी तरजीह दी गई है। दस सदस्यों में सिर्फ एक महिला को जगह मिलने से महिलाओं की झोली अपेक्षा के अनुरूप खाली रही। उधर, देर शाम से सूची जारी होते ही नामित पार्षदों के साथ उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शहर के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले नगर निगम बोर्ड में वर्तमान में 80 सदस्य हैं। वर्तमान में तीन सदस्य (आरेंद्र अरोरा कुक्की, संजू देवी, संजय राय) का निधन होने के चलते सदस्यों की संख्या 77 है। इसमें 52 सदस्य भाजपा के हैंं। अन्य सदस्य सपा, कांग्रेस और निर्दलीय हैं।
शहर की सरकार में भाजपा का कुनबा और बढ़ाने के लिए बीते माह भाजपा संगठन ने शीर्ष नेतृत्व को दस कार्यकर्ताओं के नाम प्रेषित किए थे। जिसकी अधिकृत रुप से सूची सोमवार देर शाम प्रमुख सचिव नगर विकास द्वारा कर दी गई। इसमें सीवी रोड निवासी ज्ञान प्रकाश लोधी, कानूनगाेयान निवासी गौरव सक्सेना, नवादा शेखान निवासी रामबहादुर मौर्य, बिहारीपुर निवासी सुमित सैनी शामिल हैं।
इनके अलावा सिठौरा हरीश बाबू वाल्मीकि, लोधी टोला निवासी कमला देवी कश्यप, शाहदाना निवासी वीरेंद्र, गांधीपुरम निवासी हरिओम गौतम, गंगा नगर कालोनी बदायूं रोड निवासी अशोक चौहान व राजेंद्रनगर निवासी राजीव कुमार गुप्ता शामिल हैं। दस सदस्यों में कमला देवी कश्यप एक मात्र महिला हैं। उधर, नामित पार्षदों की सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए अलग-अलग स्तर पर अपनी सिफारिश कराने वाले कई दिग्गजों को निराशा भी झेलनी पड़ी।
खबरें और भी
शहर के विकास में कर सकेंगे सहयोग
नामित पार्षद नगर निगम बोर्ड की बैठक में शामिल होने के साथ शहर के किसी भी मुहल्ले के विकास से जुड़ा प्रस्ताव सदन में चर्चा के लिए रख सकते हैं। हालांकि राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार नामित पार्षद नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य और बरेली विकास प्राधिकरण बोर्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान में प्रतिभाग नहीं कर सकते हैं।